- April 8, 2023
रसोई गैस सिलेण्डर सस्ता करने सांसद विजय बघेल व सरोज पांडेय को बोलना पड़ेगा- सीएम भूपेश

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
रसोई गैस सिलेण्डर सस्ता करने सांसद विजय बघेल व सरोज पांडेय को बोलना
पड़ेगा- सीएम भूपेश
भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में कहा नशा मुक्ति के लिए सामाजिक जागरुकता जरुरी
दुर्ग। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शुक्रवार को दुर्ग पहुंचे। उन्होने यहां
सर्वप्रथम दीपक नगर स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल के नए भवन का लोकार्पण किया, तत्पश्चात वे सत्तीचौरा मंदिर गंजपारा
पहुंचे। जहां उन्होने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की
खुशियाली व समृद्धि की कामना की। सत्तीचौरा मंदिर से मुख्यमंत्री भूपेश
बघेल पुरानी गंजमंडी गंजपारा पहुंचे। जहां वे दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के
भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा शहरी स्वास्थ्य योजनांतर्गत मोबाइल मेडिकल यूनिट का लोकार्पण, दिव्यांगजनों को बैटरी चलित ट्रायसिकल का वितरण, महिलाओं को सुपोषण कीट का वितरण, सक्षम
योजनांतर्गत आटा चक्की मशीन स्थापना के लिए चेक वितरण, बेरोजगारी भत्ता के हितग्राहियों के लिए भत्ता की स्वीकृति दी। इसके अलावा करोड़ रुपए के विकास कार्यो का भूमिपूजन व लोकार्पण कर दुर्ग शहर को विकास कार्यो की
सौगात दी। इस दौरान जिला प्रभारी मंत्री महोम्मद अकबर, विधायक अरुण वोरा,
महापौर धीरज बाकलीवाल, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक अध्यक्ष राजेन्द्र साहू, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग उपाध्यक्ष आर एन वर्मा, पूर्व विधायक
प्रतिमा चंद्राकर, सभापति राजेश यादव, नगर निगम एमआईसी प्रभारी ऋषभ जैन(बाबू) दुर्ग संभागायुक्त महादेव कावरे, कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा, आईजी आनंद छाबड़ा, एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव भी मौजूद थे।भेंट मुलाकात कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा दुर्ग
विधानसभा क्षेत्र के जनता से राज्य सरकार की योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की फीडबैक ली गई। मुख्यमंत्री द्वारा सवाल पूछे जाने पर जनता
ने मुख्यमंत्री के समक्ष खुलकर अपनी बातें रखी गई। जनता द्वारा राज्य
सरकार की राशन कार्ड योजना, आयुष्मान स्वास्थ्य योजना, धनवंतरी योजना,
गोधन न्याय योजना, बिजली बिल हॉफ योजना, मोबाइल मेडिकल यूनिट योजना,
बेरोजगारी भत्ता योजना, भवन नियमितीकरण योजना एवं अन्य योजनाओं की सराहना
की गई। वहीं शराबबंदी नहीं होने की शिकायत की गई। भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में बघेरा निवासी गीता राजपूत द्वारा प्रदेश में शराबबंदी नहीं होने की मुख्यमंत्री से शिकायत की गई। सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कहना था कि नशा सामाजिक बुराई है। मैं भी चाहता हूं कि नशा का कारोबार
बंद होना चाहिए, लेकिन नशा को बंद करना आसान नहीं है। शराब बंद करने से इसके शौकीन दूसरे नशे का सहारा लेते है। इसके घातक परिणाम हम लॉकडाउन के समय में देख चुके है। गुजरात व बिहार में शराब बिक्री पर प्रतिबंध है।बावजूद वहां लोग तक शराब पहुंच रही है। इस सामाजिक बुराई से निपटने हमें
खुद जागरुक होना पड़ेगा, तभी इस बुराई का अंत हो पाएगा।
वार्ड नंबर 28 में रहने वाली महिला डोमार ठाकुर ने राशनकार्ड योजना अंतर्गत मिल रहे खाद्यान्न लाभ पर खुशियां जाहिर की, लेकिन रसोई गैस के
बढ़ते दामों पर नाराजगी जताई गई। महिला के सवालों पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कहना था कि सस्ता चीज छत्तीसगढ़ सरकार देती है, जबकि महंगा रसोई
गैस, पेट्रोल व मिट्टी तेल केन्द्र सरकार देती है। तंज कसते हुए
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कहना था कि रसोई गैस सिलेण्डर पहले महंगा होता था तो राज्यसभा सांसद सरोज पाण्डेय व स्मृति ईरानी धरना में बैठ जाती थी।
रसोई गैस सस्ता करने सांसद विजय बघेल व सरोज पांडेय को बोलना पड़ेगा।क्योंकि केन्द्र में मोदी सरकार है। वहीं रसोई गैस की कीमत कम करेंगे।इसके अलावा अन्य लोगों ने भी मुख्यमंत्री से समस्या के संबंध में सवाल किए, जिनका मुख्यमंत्री द्वारा निराकरण का पहल किया गया है।
सीएम ने विकास कार्यो की दी सौगात
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार को
दुर्ग शहरी विधानसभा के ग्राम गंजमंडी पहुंचे। उन्होंने गंजमंडी में
क्षेत्र के विकास के लिए कई विकास कार्यो की सौगात दी। मुख्यमंत्री श्री
बघेल ने घोषणा की कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए बोरसी
और पटरीपार में आत्मानंद स्कूल खोला जाएगा। उन्होंने नगर निगम दुर्ग के
कार्यालय भवन का निर्माण और विधानसभा के विभिन्न वार्डो में बेडमिन्टन कोर्ट व खेल मैदानों का उन्नयन कराने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि जेल तिराहा से मिनी माता चौक तक फोरलेन सड़क और बघेरा में ब्रह्मकुमारी आश्रम के सामने सड़क निर्माण कराया जाएगा।
इसके साथ उन्होंने मुक्तिधाम का उन्नयन व निर्माण कराने, इंदिरा मार्केट का संधारण कार्य कराने, मटन-मछली मार्केट का पुनर्निर्माण, लाल बहादुर शास्त्री शाला भवन का निर्माण, शहर के बाह्य क्षेत्र में पाईप लाइन का
विस्तार कराने, शहरी क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों का संधारण सहित बाह्य
विकास क्षेत्र में सड़क, नाली व विद्युत सुविधा का विस्तार कराने की भी
घोषणा की।
*




