- June 10, 2025
नालों से सैकड़ों हाईवा ट्रक से निकल रहा है मलमा, पिछली परिषद की सफाई के नाम पर की गई कोताही उजागर

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज दुर्ग।

नगर निगम की पिछली परिषद ने अपने पांच वर्ष के कार्यकाल में शहर को स्वच्छ व साफ सुथरा बनाने की दिशा में गंभीरता से काम नहीं किया है। इसकी पोल निगम महापौर अल्का बाघमार के नेतृत्व में शुरू किए गए महासफाई अभियान से खुलने लगी है। नालों की सफाई से सैकड़ों हाइवा ट्रक से मलवे को निकालकर गंतव्य स्थान में पहुंचाया जा रहा है।
यहां गौरतलब है कि निगम महापौर अल्का बाघमार के नेतृत्व में एक मई श्रमिक दिवस से शहर में महासफाई अभियान की शुरूवात की गई है। महासफाई अभियान की कमान नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी युवा एवं उर्जावान पार्षद निलेश अग्रवाल के हाथ में है। निगम महापौर स्वयं स्वास्थ्य प्रभारी के साथ वार्डो में भ्रमण करके सफाई के कार्यो का जायजा ले रही है। शहर को साफ सुथरा व स्वच्छ बनाए रखने को लेकर निगम महापौर व स्वास्थ्य प्रभारी के तेवर सख्त है। इनके द्वारा विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई है कि सफाई के मामले में लापरवाही को किसी भी हालात में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्वास्थ्य प्रभारी निलेश अग्रवाल ने बताया कि शहर के साठ वार्डो में से तीस वार्डो में सफाई का काम लगभग पूरा हो चूका है। शेष वार्डो की सफाई का काम शीघ्र पूरा कर लिया जायेगा। श्री अग्रवाल ने बताया कि बारिश के मौसम की निकटता के चलते वर्तमान में नालों की सफाई के कार्य को प्राथमिकता से पूरा किया जा रहा है। शंकर नाला, शक्ति नगर नाला, सुराना कॉलेज के नाले में सफाई का काम हो चुका है। गिरधारी नगर व मोती नाला की सफाई जारी है। श्री अग्रवाल ने बताया कि नालों की सफाई में जहां तक मशीन की पहुंच है वहां मशीन से मलमे को निकाला जा रहा है। जहां मशीन नहीं पहुंच पा रही है वहां मैनुअल सिस्टम से सफाई की जा रही है।
श्री अग्रवाल ने आगे बताया कि बारिश को लेकर उत्पन्न होने वाली महामारी को लेकर भी निगम प्रशासन एलर्ट मोड पर है। डेंगू मलेरिया के प्रकोप से शहर को बचाने लार्वा के विनिष्टीकरण के लिए टेमी फास का उपयोग किया जा रहा है। एडल्ट मच्छरों के विनाश केलिए मैलाथियान का छिडकाव जारी है। एन्टी लार्वा की दवाओं का उपयोग भी किया जा रहा है। मच्छरों से मुक्त करने फागिंग मशीन का भी विभिन्न वार्डो में भ्रमण जारी है। उन्होंने बताया कि सफाई का काम कभी भी एक निश्चित तिथि को तय करके पूरा नहीं किया जा सकता गंदगी की मात्रा अधिक होने पर उसे संकलित करने और उठाने में भी समय लगता है। सफाई के काम को गंभीरता से और पूरी तरह से अंजाम देकर ही पूरा किया जा रहा है। शहर की जनता को साफ सुथरा वातावरण देना हमारा लक्ष्य है।
नेता प्रतिपक्ष का बयान गैर जिम्मेदाराना-निलेश
नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के एम.आई.सी. प्रभारी निलेश अग्रवाल ने नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले के महासफाई अभियान के संदर्भ में दिए गए बयान को गैर जिम्मेदाराना बताया है। श्री अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस परिषद के कार्यकाल में शहर के कई ऐसे क्षेत्र सामने आए है जहां पिछले 5 वर्षो में एक बार भी सफाई नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि गिरधारी नाला और मोती नाला में पांच साल से सफाई का काम नहीं हुआ है। अटल आवास और बाम्बे आवास बोरसी में भी पांच साल में एक बार भी सफाई नहीं होने की शिकायत सामने आई है। हम धरातल में जाकर सफाई कर रहे है। कांग्रेस परिषद के पिछले पांच साल में सफाई के नाम पर की गई नौटंकी की पोल खुल रही है। इसलिए नेता प्रतिपक्ष भयभीत है उन्होंने बताया कि न्यू पुलिस लाईन में 200 ट्रिप गिरधारी नाला से सैकड़ों ट्रिप मलमा निकाला जा चुका है। श्री अग्रवाल ने कहा कि पिछली परिषद ने अपने पाचं वर्ष के कार्यकाल में दुर्ग शहर को विकास के मामले में कई वर्ष पीछे धकेल दिया है। सफाई का काम कागजी तौर पर हुआ है। केवल दिखावेंबाजी की गई है। नेता प्रतिपक्ष सत्ता के चले जाने से बौखला गए है इसलिए उलूल जुलूल बयानबाजी कर रहे है।




