- June 13, 2025
कैट एवं सराफा व्यापारी संघ ने शोक सभा में विमान हादसे के मृतकों को दी श्रद्धांजलि

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। कांफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स एंड एसोसिएशन एवं सराफा व्यापारी संघ द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित सभा में अहमदाबाद में हुई दुर्भाग्यपूर्ण विमान दुर्घटना में जान गंवाने वाले यात्रियों, मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों एवं विमान कर्मचारियों को श्रद्धांजलि दी गई। इस पहल की अगुवाई कांफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स एंड एसोसिएशन (कैट) तथा सराफा व्यापारी संघ द्वारा की गई, जिसमें स्थानीय व्यापारी समुदाय सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा शोक व्यक्त किया गया। सभा के दौरान दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई। उपस्थित जनसमूह ने इस त्रासदी को देश के लिए एक अत्यंत पीड़ादायक क्षण बताया और यह संकल्प लिया कि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने हेतु सुरक्षा मानकों की सख्ती से पालन की आवश्यकता है। दुर्ग सराफा व्यापारी संघ के अध्यक्ष प्रकाश सांखला, हटरी बाजार व्यापारी संघ अध्यक्ष पवन बड़जात्या एवं संजय चौबे ने कहा कि यात्रियों व मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों की असामयिक मृत्यु ने सभी को झकझोर दिया है। डॉक्टर्स न केवल अपने क्षेत्र के कुशल सेवक थे, बल्कि समाज के लिए प्रेरणास्रोत भी थे। अंत में सभी व्यापारिक संगठनों ने संयुक्त रूप से मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं तथा सरकार से दुर्घटना की उच्च स्तरीय जांच एवं पीड़ित परिवारों को यथोचित सहायता प्रदान करने की मांग की। सभा में सैकड़ों व्यापारियों ने शामिल होकर अपने संवेदनशील सामाजिक सरोकार का परिचय दिया। इस अवसर पर व्यापारी नेता प्रकाश सांखला, पवन बडजात्या ,प्रकाश गोलछा, नेमजी भंडारी, राकेश सकलेचा, विनय कश्यप,राजेश नाहटा, रवि केवलतानी, आशीष खंडेलवाल, प्रहलाद कश्यप, संजय बोहरा, निर्मल बोथरा, मांगीलाल सोनी,नितेश परख, नवीन कांकरिया, महावीर लोढ़ा, मनीष लोढ़ा, ललित ,राजमल बोथरा, भैरू बाघमार, विजय कोठारी, संजय कोठारी, नरेंद्र बाकलीवाल, राजा बाफना, रमेश साहू, लोकेश गोस्वामी, पन्ना लाल चौधरी, राहुल पंडित, मोनू सेन, प्रेमचंद गोधा, दिनेश भाई शाह, नवनीत श्री श्रीमाल, सुरेश श्री श्रीमाल, सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं व्यापारिक संगठनों के लोग मौजूद रहे।




