• July 16, 2025

दुर्ग में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, सीएमएचओ को सौंपा ज्ञापन, धीरज बाकलीवाल ने कहा – लापरवाही बर्दाश्त नहीं

दुर्ग में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, सीएमएचओ को सौंपा ज्ञापन, धीरज बाकलीवाल ने कहा – लापरवाही बर्दाश्त नहीं

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज

 

दुर्ग । दुर्ग जिले के स्वास्थ्य विभाग में फैले अनिमियता और लापरवाही के खिलाफ आज कांग्रेस नेता व पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल , नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले , पूर्व सभापति राजेश यादव एवं छाया महापौर प्रेमलता साहू के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओ ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय का घेराव किया और एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। इस विरोध में न केवल विभागीय गड़बड़ियों को उजागर किया गया, बल्कि पीड़ितों के न्याय और व्यवस्था में सुधार की ठोस मांग भी रखी गई।

ज्ञापन सौंपने के दौरान धीरज बाकलीवाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 184 संविदा पदों की भर्ती प्रक्रिया प्रदेश के हजारों युवाओं की उम्मीद से जुड़ी हुई थी। लेकिन जिस तरह से इस परीक्षा को तय समय से मात्र 15 मिनट पहले रद्द कर दिया गया, वह केवल प्रशासनिक असफलता नहीं, बल्कि बेरोजगारों के साथ किया गया मज़ाक है। उन्होंने बताया कि इस भर्ती में अपात्र व्यक्ति को मेरिट में टॉपर बनाया गया था, और जब मामला समाचारों में आया, तब आनन-फानन में पूरी प्रक्रिया रद्द कर दी गई। इससे पहले भी चतुर्थ श्रेणी की भर्ती में पासवर्ड हैकिंग और डाटा छेड़छाड़ की बात सामने आई थी, जिसे बिना किसी जांच के रद्द कर दिया गया और जिम्मेदार अधिकारियों पर आज तक कोई कार्यवाही नहीं हुई।

बाकलीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि जो संविदा कर्मचारी वर्षों से अल्प वेतन में सेवाएं दे रहे हैं, उनके साथ भी अन्याय हो रहा है। जब पूरे प्रदेश में एक दिन का आकस्मिक अवकाश स्वीकृत किया गया, तब केवल दुर्ग जिले में कर्मचारियों का वेतन काट लिया गया, जिससे उनमें भारी असंतोष व्याप्त है।

वही स्वास्थ्य विभाग की अव्यवस्था का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल की हमर लैब, जिसमें 116 प्रकार की जांचें होनी चाहिए, अब केवल 30 से 35 जांचों तक सिमट गई है। इससे आम मरीजों को निजी लैब्स में महंगी जांच कराने को मजबूर होना पड़ रहा है। अस्पताल में पिछले छह महीने से मनोचिकित्सक की नियुक्ति नहीं हुई है, जिससे मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ठप पड़ी हैं। मातृ शिशु अस्पताल (MCH विंग) में टीकाकरण की व्यवस्था भी लचर है — दूसरी पाली में टीकाकरण नहीं होता, जिससे नवजातों को समय पर BCG टीका नहीं मिल पा रहा है।

पूर्व महापौर ने यह भी बताया कि कांग्रेस शासनकाल में शुरू की गई ‘हमर क्लिनिक’ योजना डॉक्टरों की भारी कमी के कारण बंद पड़ी है, जिससे शहरी गरीबों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे तत्काल पुनः चालू किया जाए और डॉक्टरों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही कांग्रेस सरकार के समय स्वीकृत हुए ‘क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU)’ और ‘ट्रॉमा सेंटर’ का निर्माण कार्य भी ठप पड़ा हुआ है, जिसे प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कर मरीजों के लिए उपलब्ध कराया जाए।

प्रेस को संबोधित करते हुए धीरज बाकलीवाल, राजेश यादव , संजय कोहले एवं प्रेमलता साहू ने कहाँ कि अस्पतालों में इंटर्नशिप करने वाले फार्मेसी और बीएएमएस विद्यार्थियों को अनुमति नहीं दी जाती, जिससे उनकी शिक्षा और करियर पर असर पड़ रहा है। इसके अलावा, अस्पताल में 24 घंटे हेल्पलाइन और प्रसूती व आपातकालीन वार्ड में फोन सुविधा तक उपलब्ध नहीं है, जो कि बेहद आवश्यक है।

इस दौरान पार्षद दीपक साहू, भास्कर कुंडले, ज्ञानदास बंजारे, पूर्व पार्षद भोला महोबिया, पोषण साहू, दुष्यंत देवांगन, विजय चंद्राकर, संजू धनकर, गौरव उमरे, प्रदेश संयोजक चिराग शर्मा, आनंद कपूर ताम्रकार, गोलू गुप्ता, शिशिरकांत कसार, अमोल जैन, मुकेश साहू, तिलक राजपूत, यश बाकलीवाल, आयुष शर्मा, दिव्यांश साहू, अंश चतुर्वेदी, रेहान अहमद, छव्या साहू, यासिफ़ ख़ान, संस्कार शर्मा, आयुष भार्गव, तनीष साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Related News

दुर्ग में ऐतिहासिक सिद्धितप पारणा महामहोत्सव के आध्यात्मिक इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय का सृजन है- वोरा

दुर्ग में ऐतिहासिक सिद्धितप पारणा महामहोत्सव के आध्यात्मिक इतिहास में एक स्वर्णिम…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   दुर्ग। शहर में आयोजित ऐतिहासिक सिद्धितप पारणा महामहोत्सव के अवसर पर सदर बाजार…
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर हमला लोकतंत्र पर हमला है पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के काफिले पर हमले की कड़ी निंदा — धीरज बाकलीवाल

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर हमला लोकतंत्र पर हमला है पूर्व मुख्यमंत्री…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज     दुर्ग। असम में चुनाव प्रचार के दौरान छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं…
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं उनके काफिले पर पथराव एवं एसिड अटैक असम सरकार की अक्षमता : मुकेश चंद्राकर

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं उनके काफिले पर पथराव एवं एसिड अटैक…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   भिलाई नगर। जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने असम में…