- August 25, 2025
चंडी चौक से नयापारा चौड़ीकरण एतिहासिक उपलब्धि, बंजारे ने जताया आभार

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। नगर निगम के वित्त विभाग के एम.आई.सी प्रभारी व लोकप्रिय नेता नरेन्द्र बंजारे ने चंडीमंदिर से नयापारा मार्ग के चौड़ीकरण व पुर्ननिर्माण के लिए 16.53 करोड़ रुपये की राशि की स्वीकृति को शहर के एतिहासिक उपलब्धि की सौगात बताते हुए प्रदेश के स्कूल एवं शिक्षामंत्री एवं लाडले विधायक गजेन्द्र यादव का आभार व्यक्त किया है। श्री बंजारे ने कहा है कि चंडी चौक से नयापारा मार्ग के चौड़ीकरण की जरुरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी कांग्रेस के पूर्व विधायक अरुण वोरा से कई बार अनुरोध किया गया था लेकिन उन्होंने कभी भी इस संवेदनशील विषय पर गंभीरंता नहीं दिखायी। भाजपा विधायक गजेन्द्र यादव चुनाव जीतने के बाद सबसे पहले इसी मार्ग की समस्या का अवलोकन करने आये थे। उन्होंने तत्काल सर्वे करवाया इसके बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की गरीब बस्ती में सभा बुलवाकर क्षेत्र के लोगों की इस समस्या का जिक्र करते हुए ध्यान आकृष्ट करवाया और बजट में सबसे पहले शामिल करने के लिए उल्लेखनीय पहल भी की। यह श्री यादव की कर्मठता व सक्रियता का परिणाम है कि शहर को मार्ग के चौड़ीकरण की सौगात मिल गयी है। श्री बंजारे ने बताया कि 16.53 करोड़ में 13 करोड़ रुपये मुआवजे के रुप में दिए जाएंगे । शेष राशि से सड़क के चौड़ीकरण के साथ उसका निर्माण किया जायेगा। नये विद्युत पोल लगाने के साथ डिवाइडर भी बनेगा। श्री बंजारे ने कहा कि चंडी चौक से नयापारा का मार्ग बेहद सकरे व व्यवस्ततम मार्गो में से एक है। रात्रिकालीन समय में चौपहिया वाहन का गुजरना मुश्किल हो जाता है। आवागमन में नागरिकों को बेहद तकलीफ होती है। इस सड़क के निर्माण के बाद बघेरा मोहलई कोटनी नगपुरा व बोरई भी सीधे रुप से शहर से जुड़ जायेगा। इन क्षेत्रों से प्रतिदिन छोटे व्यवसायियों व श्रमिक वर्ग का हजारों की संख्या में आवागमन होता है। अब उन्हे कोई दिक्कत नहीं होगी। सड़क चोड़ीकरण से आसपास का क्षेत्र व्यवसायिक रुप से विकसित होगा और लोगों को रोजगार मिलेगा। इस मार्ग के बनने से पुराने दुर्ग शहर की रौनकता भी वापस आ जायेगी। श्री बंजारे ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के दूसरे चरण में चंड़ी चौक से होटल मान तक के सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी प्रस्तावित है। इसके चौड़ीकरण के बाद इंदिरा मार्केट बाजार भी शहर से पूरी तरह से जुड़ जायेगा। वर्तमान में इस व्यस्ततम मार्ग के कारण बाजार पहुंचने में भी नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। श्री बंजारे ने कहा कि मंत्री श्री यादव इकलौते ऐसे जन प्रतिनिधि है जिन्होंने चंड़ी चौक से नयापारा सड़क चौड़ीकरण की जरुरत को सबसे पहले गंभीरता से समझा हैै और तत्काल निराकरण किया है।




