- September 17, 2025
सचिन पायलट के स्वागत में दुर्ग कांग्रेस तैयार,18 सितंबर की आमसभा की तैयारियाँ तेज़, 18 सितम्बर बनेगा बदलाव का इतिहास –अरुण वोरा

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
आज छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस सह प्रभारी सम्पत कुमार दुर्ग पहुँचे और राजीव भवन में एक विशेष बैठक आयोजित की। बैठक में पूर्व विधायक अरुण वोरा, दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा, पूर्व महापौर धीरज बकलीवाल, प्रदेश कांग्रेस सचिव अय्यूब खान, दीपक दुबे सहित दुर्ग शहर जिला कांग्रेस कमेटी एवं दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के सभी प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान 18 सितंबर को आयोजित होने वाली आमसभा की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कांग्रेसजन ज़ोर-शोर से इस कार्यक्रम की तैयारी में जुटे हैं। इस दिन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी श्री सचिन पायलट दुर्ग पहुँचकर आमसभा को संबोधित करेंगे। यह सभा झरुराम देवांगन शासकीय विद्यालय के सामने आयोजित की जाएगी।
प्रभारी श्री सम्पत कुमार ने आज स्वयं सभा स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायज़ा लिया और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्ग की यह आमसभा पूरे प्रदेश में कांग्रेस के “वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान को नई गति प्रदान करेगी।
कांग्रेस का यह अभियान जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और भाजपा सरकार की नाकामियों को उजागर करने का सशक्त माध्यम बन रहा है। कांग्रेस का स्पष्ट कहना है कि छत्तीसगढ़ की जनता के जनादेश को छलपूर्वक हथियाने वाली भाजपा सरकार का असली चेहरा अब हर गली–चौराहे पर बेनक़ाब होगा।




