• September 22, 2025

हेमचंद विश्वविद्यालय में कम अंक और अनुत्तीर्ण छात्रों के बीच हंगामा,अरुण वोरा पहुंचे,कहा- भविष्य के साथ समझौता नहीं होगा

हेमचंद विश्वविद्यालय में कम अंक और अनुत्तीर्ण छात्रों के बीच हंगामा,अरुण वोरा पहुंचे,कहा- भविष्य के साथ समझौता नहीं होगा

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज

 

दुर्ग।
हेमचंद विश्वविद्यालय में सोमवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब बी.एस.सी द्वितीय सेमेस्टर के करीब 50 छात्र-छात्राओं को कम अंक दिए जाने और बड़ी संख्या में अनुत्तीर्ण कर दिए जाने की जानकारी सामने आई। परिणाम से नाराज़ छात्र-छात्राओं ने परिसर में जमकर नारेबाज़ी की और पुनर्मूल्यांकन की मांग को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया।

स्थिति बिगड़ने पर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। इसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक अरुण वोरा विश्वविद्यालय पहुँचे और छात्रों के बीच खड़े होकर उनकी आवाज़ बुलंद की। उनके साथ भिलाई युवा कांग्रेस के नेता इमाम ख़ान भी मौजूद थे।

वोरा ने छात्रों के पक्ष में सख़्त रुख अपनाते हुए कहा, “बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी कीमत पर खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विश्वविद्यालय को पारदर्शी और निष्पक्ष मूल्यांकन सुनिश्चित करना ही होगा। यदि छात्रों की कॉपियों का पुनर्मूल्यांकन तुरंत नहीं हुआ तो यह आंदोलन और तेज़ होगा।”

इसके बाद अरुण वोरा ने विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजय तिवारी से मुलाक़ात की और छात्रों की मांग स्पष्ट रूप से रखी। कुलपति ने आश्वासन दिया कि छात्रों की कॉपियों का पुनर्मूल्यांकन किया जाएगा और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से संपन्न होगी।

विश्वविद्यालय परिसर में देर शाम तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।

यह मामला केवल आज तक सीमित नहीं है। पिछले कुछ महीनों से हेमचंद विश्वविद्यालय में छात्रों के परिणाम लगातार विवादों में रहे हैं। लगातार परीक्षाओं में अत्यधिक कठोर मूल्यांकन किए जाने के कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थी अपेक्षित अंक प्राप्त करने में असफल हो रहे हैं। परिणामों की यह प्रवृत्ति छात्रों में गहरी निराशा और असंतोष पैदा कर रही है।

छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही और कठोर मूल्यांकन ने उनके भविष्य को अनिश्चितता में डाल दिया है। यही कारण है कि असंतोष धीरे-धीरे उबलकर अब खुले विरोध और आंदोलन का रूप ले रहा है।


Related News

सुवा नृत्य कर पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे को समर्थकों ने दी दीपावली की बधाई, शुभकामना देने वालों का लगा रहा तांता

सुवा नृत्य कर पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे को समर्थकों ने दी दीपावली…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस न्यूज पूर्व कैबिनेट मंत्री रविंद्र चौबे के निवास स्थान में सुबह से लगा हुआ है…
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित शीर्ष नेतृत्व ने दी बधाई, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित शीर्ष नेतृत्व ने दी बधाई,…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज     दुर्ग। जन-जन के प्रिय, विकास के सारथी एवं दुर्ग ग्रामीण के लोकप्रिय…
छत्तीसगढ़ के एक राजनेता ने संस्कृत गीतों के साथ केक काटकर मनाया ऐतिहासिक जन्म दिवस

छत्तीसगढ़ के एक राजनेता ने संस्कृत गीतों के साथ केक काटकर मनाया…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज     दुर्ग। दुर्ग ग्रामीण के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त माननीय श्री…