- November 2, 2025
प्रकाश पर्व पर दुर्ग के नगर कीर्तन में शामिल हुए अरुण वोरा, बोले -गुरु नानक देव जी का जीवन सत्य, करुणा और मानवता का अखंड प्रकाश है

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। सिख पंथ के प्रथम गुरु, ज्ञान और करुणा के प्रतीक श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर रविवार को दुर्ग में नगर कीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं दुर्ग पूर्व विधायक अरुण वोरा ने भी नगर कीर्तन में सहभागिता की। उन्होंने श्रद्धा और विनम्रता के साथ श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा संगत के साथ सेवा कार्यों में सम्मिलित हुए।
इस अवसर पर भावपूर्ण उद्गार व्यक्त करते हुए वोरा ने कहा —
“गुरु नानक देव जी का जीवन सत्य, करुणा और मानवता के उस अखंड प्रकाश का प्रतीक है जो युगों-युगों तक समाज का मार्ग आलोकित करता रहेगा। उन्होंने हमें यह सिखाया कि इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं, और सेवा से श्रेष्ठ कोई साधना नहीं।”
उन्होंने आगे कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएँ आज भी समाज में समरसता, एकता और प्रेम का संदेश देती हैं। उनकी वाणी में वह शक्ति है जो मानव मन के अंधकार को दूर कर प्रकाश का मार्ग दिखाती है।
नगर कीर्तन के दौरान शहर में भक्तिरस और भक्ति-भावना का अद्भुत वातावरण व्याप्त रहा। श्रद्धालुओं ने उत्साह और आस्था के साथ नगर भ्रमण कर गुरु परंपरा के इस पावन उत्सव को भव्यता प्रदान की।




