- December 15, 2025
भिलाई में दिव्य श्री हनुमंत कथा के लिए ध्वज पूजन के साथ तैयारियों को मिली गति

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। देश में सनातन के ध्वजवाहक एवं बागेश्वर धाम के पीठाधीश पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री महाराज के दिव्य श्री हनुमंत कथा के आयोजन को लेकर सेवा समर्पण समिति दुर्ग द्वारा जयंती स्टेडियम के पास ग्राउंड भिलाई में जोर शोर से तैयारी जारी है। इस लिहाज से सोमवार का दिन बड़ा दिन रहा। कथास्थल पहुंचे प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री सरोज पाण्डेय, सेवा समर्पण समिति संयोजक व केबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त छग खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, उनकी पत्नि चारुलता पाण्डेय, सेवा समर्पण समिति अध्यक्ष पं. विष्णुप्रसाद शुक्ला के अलावा हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी में श्रीगणेश पूजन, श्री हनुमान जी का महाभिषेक और ध्वजपूजन कर कथा आयोजन की तैयारियों को गति दी। यह पूजन कान्हा महाराज की टीम द्वारा मंत्रोच्चार व शंखनाद के साथ पूरे विधि-विधान से संपन्न कराई गई। इस दौरान पूरा पंडाल जय श्रीराम व जय हनुमान के जयघोष से गुंजायमान रहा। श्रीगणेश पूजन, श्री हनुमान जी का महाभिषेक व ध्वजपूजन उपरांत श्री हनुमान चालीसा के पाठ एवं भजन-कीर्तन की धुन में श्रद्धालुओं ने नाच गाकर अपनी श्रद्धा भक्ति प्रकट की। पूजन को लेकर फूलों और विद्युत लाईटिंग से पंडाल में विशेष साज-सज्जा की गई थी, जो श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण के केन्द्र बने रहे। सोमवार से कथास्थल में हनुमान चालीसा का पाठ शुरु हो गया है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री महाराज के कथा को लेकर श्रद्धालुओं के उत्साह को देखते हुए आयोजन स्थल पर प्रतिदिन श्री हनुमान चालीसा के पाठ की सेवा समर्पण समिति द्वारा व्यवस्था की गई है। पूजन उपरांत प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कहा कि यहां पं. श्री शास्त्री महाराज के दिव्य हनुमंत कथा का आयोजन किया गया है। यह हम सभी प्रदेशवासियों का सौभाग्य है कि पंडित श्री शास्त्री महाराज का हमेंं यहां दिव्य दर्शन प्राप्त होंगे। उनके दर्शन और कथा का श्रद्धालु पुण्य लाभ प्राप्त करें। पूजन के दौरान भिलाई जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, पूर्व विधायक सांवलाराम डहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, अहिवारा नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष नटवरलाल ताम्रकार, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता केएस चौहान, पूर्व महापौर चंद्रिका चंद्राकर,जिला भाजपा उपाध्यक्ष सरिता मिश्रा,जिला भाजपा की पूर्व अध्यक्ष उषा टावरी, शंकर लाल देवांगन, सूरज जायसवाल, विजय जायसवाल, योगेंद्र सिंह, हरीश वर्मा, मनीष अग्रवाल, श्री कनौजिया, पूर्व सभापति दिनेश देवांगन, दुर्ग निगम एमआईसी सदस्य देवनारायण चंद्राकर, नरेन्द्र बंजारे, समाजसेवी चतुर्भुज राठी, सुरेन्द्र शर्मा, मनोज मिश्रा, संदीप जैन, दीपक चोपड़ा, जन समर्पण सेवा समिति अध्यक्ष बंटी शर्मा, अर्पित शर्मा, श्री सोनी,रविशंकर ढीमर, नारायण ठाकुर के अलावा जिले के विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सेवाभावी संस्थाओं के सदस्यों व श्रद्धालु हजारों की संख्या में मौजूद रहे। बता दें कि देश में सनातन के ध्वजवाहक व बागेश्वर धाम के पीठाधीश पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का इस्पात नगरी भिलाई में प्रथम बार आगमन होगा। वे जयंती स्टेडियम के समीप ग्राउंड भिलाई में 25 से 29 दिसंबर तक दिव्य श्री हनुमंत कथा में श्रद्धालुओं को कथा का रसपान करवाएंगे। कथा के लिए प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। पंडित श्री शास्त्री जी 27 दिसंबर को विशेष दिव्य दरबार लगाएंगे। दरबार में वे श्रद्धालुओं की पर्ची निकालेंगे और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए उनका मार्गदर्शन करेंगे। सेवा समर्पण समिति दुर्ग द्वारा आयोजित दिव्य श्री हनुमंत कथा के आयोजन से श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। दिव्य श्री हनुमंत कथा में दुर्ग-भिलाई के अलावा पूरे छत्तीसगढ़ से हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की जुटने की संभावना है। जिसके चलते आयोजन समिति द्वारा जयंती स्टेडियम के समीप ग्राउंड में श्रद्धालुओं के लिए बैठक के अलावा वाहन पार्किंग, बिजली, नि:शुल्क भोजन, पेयजल, शौचालय व अन्य व्यवस्था किए जा रहे है। पूरे कथा आयोजन के दौरान व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद रहेगा। पिछले हफ्ते ही स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष और सेवा समर्पण समिति के संयोजक राकेश पाण्डेय, जिला भाजपाध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक ने प्रेसवार्ता आयोजित कर कथा की तैयारियों की समीक्षा की थी और पूरे कथा के दौरान व्यवस्था सुव्यवस्थित होने की बात कही थी। पं. श्री शास्त्री जी के दिव्य दर्शन एवं कथा श्रवण के लिए प्रदेशभर से श्रद्धालु जुटेंगे। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए भव्य डोमशेड निर्माण कराए जा रहे हैं। जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु एक साथ बैठकर कथा श्रवण का पुण्य लाभ ले सकेंगे। इसके अलावा वाहन पार्किंग, नि:शुल्क भोजन, पेयजल, शौचालय के लिए सुव्यवस्थित व पर्याप्त व्यवस्था किए जा रहे हैं। आयोजन समिति द्वारा ट्रैफिक से लेकर साफ-सफाई,बिजली, चिकित्सा, पेयजल जैसी तमाम सुविधाओं को प्राथमिकता में रखा गया है। तैयारी में करीब 1100 वॉलिंटियर्स जुटे हुए है। कथा के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क भोजन की व्यवस्था होगी। यह भोजन व्यवस्था करीब 10,000 श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन रहेगी। वहीं कथास्थल के पास व्यवसाईयों को स्टाल भी आवंटित किए जाएंगे। इन स्टालों पर शासन स्तर पर चलाए जा रहे वोकल फॉर लोकल के तहत स्वदेशी निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। स्टालों में श्रद्धालुओं को खाने-पीने की सामग्री के लिए स्वदेशी निर्मित पूजा-सामग्री शाल दुपट्टा एवं अन्य स्वदेशी उत्पाद उपलब्ध होगी। स्टॉलों में स्व सहायता समूह की महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।




