- December 29, 2025
मोर आवास मोर अधिकार के संकल्प को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिया साकार रूप, गुरु घासीदास जयंती पर नवागढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को मिली खुशियों की चाबी

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। गुरु घासीदास जयंती के पावन अवसर पर जिला बेमेतरा के नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित तीन दिवसीय राज्यस्तरीय पंथी नृत्य प्रतियोगिता एवं लोक कला महोत्सव के दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) पर आधारित विभागीय स्टॉल का भव्य आयोजन किया गया। स्टॉल को “मोर आवास मोर अधिकार” एवं “पक्का आवास का सपना हुआ पूरा” थीम पर सजाया गया, जिसमें आमजन को योजना की उपलब्धियों, प्रगति और लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।
*मुख्यमंत्री ने विभागीय स्टॉल का निरीक्षण कर हितग्राहियों से किया आत्मीय संवाद*
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के विभागीय स्टॉल का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिन हितग्राहियों का पक्का आवास निर्माण पूर्ण हो चुका है, उन्हें “खुशियों की चाबी” प्रदान करते हुए पक्के आवास की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हर गरीब परिवार का पक्का मकान होना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीबों के जीवन में सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व लेकर आई है, जिससे उनका जीवन स्तर बेहतर हुआ है।
*जिले के लगभग 950 पूर्ण आवासों का मुख्यमंत्री ने कराया सांकेतिक गृह प्रवेश*
इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जिलेभर में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नवनिर्मित लगभग 950 पूर्ण आवासों का सांकेतिक गृह प्रवेश भी कराया। यह क्षण उपस्थित हितग्राहियों के लिए अत्यंत भावुक और गर्वपूर्ण रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पक्का आवास केवल चार दीवारें नहीं, बल्कि परिवार के सुरक्षित भविष्य की नींव होता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि शासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र परिवार आवास से वंचित न रहे।
*मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों से जाना पक्का घर मिलने का अनुभव*
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने हितग्राहियों से आत्मीय संवाद करते हुए यह जानना चाहा कि नया पक्का आवास मिलने के बाद उन्हें कैसा महसूस हो रहा है। इस पर हितग्राहियों ने भावुक होकर बताया कि वर्षों से कच्चे मकान में रहने के बाद पक्का घर मिलने से उन्हें सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास की अनुभूति हो रही है।हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाए जाने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए शासन का हृदय से आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यह योजना उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
*गरीबों के जीवन में स्थायित्व और गरिमा ला रही है प्रधानमंत्री आवास योजना : मुख्यमंत्री*
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन गरीब, वंचित और जरूरतमंद परिवारों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में न केवल आवास निर्माण हो रहा है, बल्कि स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा को भी मजबूती मिल रही है | उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रत्येक पात्र परिवार को समय पर आवास उपलब्ध हो सके।
विभागीय प्रदर्शनी बनी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी का प्रभावी माध्यम
विभागीय स्टॉल में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रक्रिया, पात्रता, स्वीकृति, निर्माण चरण एवं लाभ से संबंधित जानकारी आकर्षक ढंग से प्रदर्शित की गई। स्टॉल के माध्यम से आमजन को योजना के प्रति जागरूक किया गया, जिससे अधिक से अधिक पात्र परिवार योजना से जुड़ सकें।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमार तिवारी, 9425564553,6265741003,




