• December 29, 2025

बाबा गुरु घासीदास का सामाजिक समरसता का संदेश आज देश–दुनिया के लिए प्रासंगिक : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

बाबा गुरु घासीदास का सामाजिक समरसता का संदेश आज देश–दुनिया के लिए प्रासंगिक : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज

 

 

बेमेतरा । प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज जिला बेमेतरा के नवागढ़ स्थित हाई स्कूल मैदान में आयोजित गुरु घासीदास लोक कला महोत्सव एवं राज्य स्तरीय ओपन पंथी नृत्य प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्यमंत्री के एकदिवसीय बेमेतरा प्रवास को जिले के विकास की दृष्टि से ऐतिहासिक बनाते हुए उन्होंने 165 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 44 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महान संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास का “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश आज भी संपूर्ण मानव समाज, देश और दुनिया के लिए अत्यंत प्रासंगिक है, जो सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का मार्ग दिखाता है।

*संत गुरु घासीदास ने सामाजिक विषमता को समरसता में बदला : मुख्यमंत्री*
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने महोत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि संत शिरोमणि गुरु घासीदास ने समाज में व्याप्त जाति-पाति, ऊँच-नीच, छुआछूत और सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने का कार्य किया। उन्होंने सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाते हुए मानवता को एक सूत्र में बाँधने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पावन भूमि गिरौदपुरी में अवतरित बाबा गुरु घासीदास का दर्शन आज भी समाज को सही दिशा देने का कार्य कर रहा है। उन्होंने बाबा से कामना की कि उनके आशीर्वाद से समाज में अमन-चैन, भाईचारा, सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे।

*जनकल्याणकारी योजनाओं से छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊँचाइयों पर : मुख्यमंत्री*
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जनता के हित में अनेक क्रांतिकारी और जनकल्याणकारी योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के हित में धान खरीदी, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना तथा आवासहीन परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना प्रदेश के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही हैं।

*सिंचाई विस्तार के लिए 40 करोड़ रुपये की घोषणा*
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बेमेतरा जिले में सिंचाई परियोजनाओं के विस्तार के लिए 40 करोड़ रुपये की बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी।

*नवागढ़ की 10 ग्राम पंचायतों को सीसी रोड निर्माण की सौगात*
मुख्यमंत्री ने नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत 10 ग्राम पंचायतों में सीसी रोड निर्माण के लिए प्रत्येक पंचायत को 5-5 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।

*बाबा गुरु घासीदास का संदेश जन-जन तक पहुँच रहा है : विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह*
कार्यक्रम में उपस्थित विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि बाबा गुरु घासीदास का संदेश “मनखे-मनखे एक समान” सर्व समाज को सामाजिक समरसता से जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि पंथी नृत्य और गायन के माध्यम से बाबा के उपदेश आज देश-विदेश तक पहुँच रहे हैं। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि पूर्व में गिरौदपुरी में निर्मित दुनिया का सबसे ऊँचा जैतखाम आज वैश्विक आकर्षण का केंद्र बन चुका है, जहाँ देश-विदेश से पर्यटक बाबा के जीवन दर्शन के लिए आते हैं।

*गुरु घासीदास का संदेश नवागढ़ की संस्कृति में रचा-बसा है : मंत्री श्री दयालदास बघेल*
स्थानीय विधायक एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री दयालदास बघेल ने कहा कि नवागढ़ क्षेत्र में बाबा गुरु घासीदास के संदेश और उपदेश की जीवंत झलक देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि गुरु घासीदास लोक कला महोत्सव को सर्व समाज द्वारा वर्षों से मिल-जुलकर मनाया जा रहा है, जो सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने बाबा के उपदेश को उद्धृत करते हुए कहा “सत्य से धरती खड़े, सत्य से खड़े आकाश, सत्य से सृष्टि रचे — कह गए घासीदास” यह संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है।

*पंथी नृत्य प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित*
गुरु घासीदास लोक कला महोत्सव एवं राज्य स्तरीय ओपन पंथी नृत्य प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह एवं मंत्री श्री दयालदास बघेल द्वारा पुरस्कार राशि, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।

*लोक कला महोत्सव के विजेता*
प्रथम स्थान – सतनाम संगम पंथी दल नवयुवक पंथी पार्टी, बोरिया (बेमेतरा) |
द्वितीय स्थान – संत शिरोमणि गुरु घासीदास आदर्श पंथी दल, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई | तृतीय स्थान – सत्यम पंथी दल, अभनपुर (रायपुर)

*ओपन पंथी नृत्य प्रतियोगिता के विजेता*
प्रथम स्थान – सत के उज्जवल पंथी नृत्य दल, ग्राम बंसुला (राजनांदगांव), द्वितीय स्थान – छत्तीसगढ़ पी.डी. पंथी परिवार, रायपुर, तृतीय स्थान – मन सत्य ज्ञान दीप पंथी दल, अहिवारा | इसके अतिरिक्त प्रतियोगिता में पंजीकृत 219 पंथी दलों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 5-5 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई।

*मुख्यमंत्री ने विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ वितरित किया*
गुरु घासीदास लोक कला महोत्सव एवं राज्य स्तरीय ओपन पंथी नृत्य प्रतियोगिता के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति, लाभान्वित हितग्राहियों की संख्या एवं क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तार से जानकारी ली।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि शासन की मंशा है कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचे, इसके लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से संबंधित लाभ सामग्री, स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण पत्र का वितरण कर उन्हें योजनाओं से सीधे जोड़ा। मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार गरीब, किसान, महिला, श्रमिक और वंचित वर्ग के समग्र उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।

 

ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमार तिवारी, 9425564553,6265741003,


Related News

बीट प्रणाली से पुलिस का क्षेत्र पर नियंत्रण और सूचना तंत्र होगा अधिक मजबूत – आईजीपी दुर्ग रेंज 

बीट प्रणाली से पुलिस का क्षेत्र पर नियंत्रण और सूचना तंत्र होगा…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   बेमेतरा। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज दुर्ग अभिषेक शांडिल्य के बेमेतरा जिले में एक…
समग्र शिक्षा एवं पीएमश्री अंतर्गत निर्माण कार्यों की समीक्षा हेतु निर्माण एजेंसियों की बैठक संपन्न

समग्र शिक्षा एवं पीएमश्री अंतर्गत निर्माण कार्यों की समीक्षा हेतु निर्माण एजेंसियों…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज     बेमेतरा। कार्यालय जिला पंचायत बेमेतरा के सभाकक्ष में आज समग्र शिक्षा अभियान…
अपर कलेक्टर भारद्वाज ने जनदर्शन में सुनी आमजन की समस्याएं

अपर कलेक्टर भारद्वाज ने जनदर्शन में सुनी आमजन की समस्याएं

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   बेमेतरा। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर श्री प्रकाश कुमार भारद्वाज द्वारा…