- January 29, 2026
जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति, भुगतान, विद्युत संयोजन एवं ठेकेदारों की धीमी प्रगति पर कड़े निर्देश

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा । कलेक्टर एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की अध्यक्ष सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल जीवन मिशन अंतर्गत जिले में संचालित कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई तथा विभिन्न महत्वपूर्ण एजेंडा बिंदुओं पर गहन चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
*जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति की समीक्षा*
बैठक में कलेक्टर द्वारा जिले में (मल्टी विलेज स्कीम) एवं (सिंगल विलेज स्कीम) के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर घर नल से जल के लक्ष्य को प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
*आवंटन एवं भुगतान के अनुमोदन पर चर्चा*
30 दिसंबर 2025 के उपरांत प्राप्त आवंटन राशि एवं किए गए भुगतानों के अनुमोदन पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि भुगतान प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता एवं नियमानुसार सुनिश्चित की जाए तथा लंबित देयकों का शीघ्र निराकरण किया जाए।
*कवरेज मद अंतर्गत देयकों के भुगतान का अनुमोदन*
जल जीवन मिशन अंतर्गत कवरेज (MVS/SVS) मद में किए जाने वाले देयकों के भुगतान हेतु अनुमोदन प्रदान करने पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिन योजनाओं का भौतिक कार्य पूर्ण हो चुका है, उनके भुगतान में अनावश्यक विलंब न किया जाए। जल जीवन मिशन अंतर्गत किराये पर लगाए गए वाहनों की आगामी 01 वर्ष की अवधि वृद्धि के प्रस्ताव पर चर्चा की गई एवं आवश्यक अनुमोदन प्रदान किया गया, ताकि क्षेत्रीय निरीक्षण एवं कार्यों की मॉनिटरिंग सुचारु रूप से की जा सके।
*जल परीक्षण प्रयोगशाला साजा हेतु उपकरण क्रय*
उपखण्ड स्तरीय जल परीक्षण प्रयोगशाला, साजा के लिए आवश्यक CRM एवं केमिकल उपकरणों को GEM Portal के माध्यम से क्रय करने के प्रस्ताव पर चर्चा कर अनुमोदन प्रदान किया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जल गुणवत्ता परीक्षण को नियमित एवं प्रभावी बनाया जाए।
*विद्युत संयोजन की समस्या पर निर्देश*
जल जीवन मिशन अंतर्गत जिन ग्रामों में डिमाण्ड नोट का भुगतान किए जाने के बावजूद विद्युत संयोजन अप्राप्त है, उन पर विशेष चर्चा की गई। कलेक्टर सुश्री ममगाई ने विद्युत विभाग के साथ समन्वय कर तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं का संचालन प्रभावित न हो। 26 जनवरी 2026 गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदर्शित की जाने वाली विभागीय योजनाओं की झाँकी के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि झाँकी में जल जीवन मिशन की उपलब्धियों, हर घर नल जल योजना एवं जनभागीदारी को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया जाए।
*छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष 2025-26 पर चर्चा*
बैठक में छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष 2025-26 के आयोजन को लेकर चर्चा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जल एवं स्वच्छता विभाग से संबंधित योजनाओं एवं उपलब्धियों को जनसामान्य तक पहुँचाने हेतु विशेष गतिविधियाँ आयोजित की जाएँ। पाईप लाइन विस्तार, अतिरिक्त FHTC स्वीकृति, एवं अनुमानित लागत (Estimated Cost) के विभिन्न घटकों पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि अतिरिक्त कार्यों की स्वीकृति आवश्यकता एवं तकनीकी परीक्षण के आधार पर ही दी जाए।
*जल बहिनियों हेतु रिफ्रेशर प्रशिक्षण*
जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्यरत जल बहिनियों के लिए रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के माध्यम से जल बहिनियों की तकनीकी दक्षता एवं सामुदायिक सहभागिता को मजबूत किया जाए।
*धीमी प्रगति वाले ठेकेदारों पर सख्ती*
बैठक में धीमी प्रगति वाले कार्यों के संबंध में संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी किए जाने की जानकारी दी गई। जिन ठेकेदारों को नोटिस दिया गया, उनमें आशी कंस्ट्रक्शन, ऐरान वितरण, अर्पिता कंस्ट्रक्शन, बी.एन. मिश्रा, बाबा नरसिंह कंस्ट्रक्शन, चंद्र कंस्ट्रक्शन कंपनी, डीएनएस इन्फ्रा, कमलेश नाहटा, करण मिश्रा, कृष्णा पासवर्ड, माँ विन्ध्यवासिनी गुड़ फैक्ट्री, मुकेश मार्केटिंग, मुंडेर इलेक्ट्रिकल्स, नैना कंस्ट्रक्शंस, राम कृष्ण ओझा, रेखचंद अग्रवाल, रुद्रांश अर्थमूवर्स, एसडी कंस्ट्रक्शन, एसएजी एंड कंपनी, साहू फ्लाई ऐश ईंटें, सर्वेश कंस्ट्रक्शन कंपनी, सर्वेश छलरचना परियोजना एवं आपूर्तिकर्ता, श्री राम कंस्ट्रक्शन, श्री श्याम कंसल्टिंग इंजीनियर्स, शुभम ट्रेडिंग कंपनी, यश ट्रेडिंग कंपनी शामिल हैं।
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा में प्रगति नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।अध्यक्ष की अनुमति से अन्य विषयों पर भी चर्चा की गई एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमारतिवारी, 9425564553,6265741003,




