- February 26, 2026
बजट सर्वस्पर्शी, अमृत काल के विजन को दोगुना करने वाला, विकसित छत्तीसगढ़ की रूपरेखा तय करेगा, भाजपा के संकल्प को चरितार्थ करेगा

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी दुर्ग के भाजपा,मोर्चा पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा पेश किए गए बजट का स्वागत करते हुए कहा है कि यह बजट अमृत काल के विजन और राज्य की विकास दर को दोगुना करने के लक्ष्य के साथ तैयार किया गया है।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष मनोज सोनी ने कहा कि यह बजट सर्वस्पर्शी है जो समाज के सभी वर्ग, महिला, किसान, युवा, उद्यमी की महत्वाकांक्षाओं को ध्यान में रख कर तैयार किया गया है। बजट के माध्यम से विष्णु सरकार ने यह साबित कर दिया है कि बजट केवल आय-व्यय का लेखा-जोखा नहीं है, बल्कि सरकार की भागीदारी, संपत्ति और विकास की दृष्टि का पृष्ठ को दर्शाती है साय सरकार छत्तीसगढ मे आर्थिक विकास की गति को और अधिक तेजी पर जोर दे रही है।
मनोज सोनी ने बताया कि सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। रानी दुर्गावती योजना इस बजट की सबसे बड़ी घोषणाओं में से एक है। इसके तहत बच्चियों के 18 वर्ष पूरे होने पर उन्हें 1.50 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। विवाहित महिलाओं को वार्षिक 12,000 रुपये की सहायता जारी रखने के लिए भारी भरकम बजट का प्रावधान किया गया है। शहरी क्षेत्र में 250 और ग्रामीण क्षेत्रों में 500 से अधिक नए आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण का प्रस्ताव है।
भाजपा कार्यालय सह प्रभारी राहुल पंडित ने कहा कि यह बजट युवा-शक्ति के लिए नए विश्वास और अवसरों का आलोक फैला रहा है। बजट में युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार पर जोर दिया गया है। नए मेडिकल कॉलेज एवं 5 नालंदा लाइब्रेरी बनाने का प्रस्ताव बजट में रखी गई है जिसका सीधा लाभ युवाओं को होगा। राजनांदगांव में नए फिजियोथेरेपी कॉलेज स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि ट्रिपलआईटी में अधोसरचना विकास हेतु 20 करोड़ का प्रावधान किया गया है वहीं नवीन सीजी आईटी रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग सहित कवर्धा, रायगढ़, जशपुर एवं जगदलपुर में सीजी आईटी सस्थानों हेतु 38 करोड रु. का प्रावधान एवं आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों के अधोसंरचना उन्नयन हेतु 50 करोड का प्रावधान किया गया है। स्वामी विवेकानद उत्कृष्ट शाला योजना के लिए 100 करोड़ रु. का प्रावधान है।
राहुल पंडित ने कहा कि कृषि एवं किसान कल्याण के दृष्टिगत कृषि क्षेत्र इस बजट की रीढ़ बना हुआ है। इस वर्ष कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत 10,000 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इस योजना का उद्देश्य खेती में आधुनिक तकनीक, बेहतर इनपुट और उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि विद्युत पंपों हेतु बिजली सब्सिडी के लिए 5,500 करोड रुपए का प्रावधान किया गया है। वहीं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए 820 करोड, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के लिए 250 करोड का प्रावधान किया गया है। डेयरी समग्र विकास योजना अंतर्गत 90 करोड़ जिसमें जगदलपुर, रायपुर और बिलासपुर के दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्रों उन्नयन शामिल है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजा महोबिया ने कहा कि राज्य के विकास के लिए संकल्प का बजट प्रस्तुत किया गया जिसकी सर्वत्र चर्चा हो रही है। हमारे मुख्यमंत्री विनम्र विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में और हमारे अध्ययनशील वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी जी के मार्गदर्शन में यह बजट पेश किया गया है। यह बजट राज्य के विकास का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है। जिस पर कांग्रेस को सवाल करने का कोई अधिकार नहीं है। कांग्रेस ने राज्य के विकास के लिए जब भी बजट पेश किया है वह हमेशा राज्य के विकास को रिवर्स गियर में ले जाने वाला रहा है।
23 नए औद्योगिक पार्क लग रहे हैं जिससे प्रदेश में रोजगार की संभावनाएं प्रबल होंगी, प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। छत्तीसगढ़ में पांच नए मेडिकल कॉलेजेस की घोषणा से अब हमारे बच्चों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजा महोबिया ने आगे कहा की अधोसंरचना विकास के लिए 10 हजार करोड़ रुपए का जो अलॉटमेंट किया गया है, उससे प्रदेश में पुल-पुलिया का, सड़कों का, स्कूलों का, अस्पतालों का जो निर्माण होगा, उससे हमारे प्रदेश के लोगों को बहुत बेहतर सुविधाएँ मिलेंगीं।
भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष तेखन सिन्हा ने कहा कि अन्य पिछड़ा वर्ग प्राधिकरण के लिए 80 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही ओबीसी वर्ग के छात्रों के लिए 200 सीटर छात्रावास रायपुर में बनाने का लक्ष्य इस बजट में रखा गया है। 26 लाख प्रधानमंत्री आवास बनाने की स्वीकृति मिलने से इसका सीधा लाभ गरीब हितग्राहियों को मिलेगा। प्रदेश सरकार ने बजट में जनजातीय विकास की दिशा में उत्कृष्ट कार्य किया है। प्रदेश सरकार ने बजट में पीएम जनमन योजना के लिए 720 करोड़ का प्रावधान किया है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान हेतु 200 करोड़ एवं तेंदूपत्ता संग्राहकों हेतु चरण पादुका योजना के लिए 60 करोड रु. का प्रावधान होने से जनजातीय क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
तेखन सिन्हा ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ का यह बजट सामाजिक न्याय और आर्थिक विकास के बीच संतुलन स्थापित करेगा। जहाँ एक ओर ‘महतारी वंदन’ और ‘रानी दुर्गावती योजना’ से महिलाओं और बच्चियों का भविष्य सुरक्षित करने का प्रयास है, वहीं युवाओं के लिए ‘उद्यम क्रांति’ जैसे कदम राज्य में स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूती प्रदान करेंगे। महतारी वंदन योजना के लिए 8200 करोड़ रुपए का प्रावधान प्रदेश की मातृशक्ति को सशक्त करने के लिए, प्रदेश के कृषि उन्नत योजना के तहत 10 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान इस बजट में रखा गया है। बस्तर को पर्यटन के क्षेत्र में विकसित करने सहित पूरे छत्तीसगढ़ के समुचित विकास की दृष्टि में यह बजट तैयार किया गया है। भाजपा के सभी प्रवक्ताओं ने बजट की प्रशंसा की है।




