- March 1, 2026
जिले के 1 लाख 54 हजार से अधिक किसानों को 631 करोड़ 30 लाख रुपये की आदान सहायता राशि अंतरित

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के उपरांत आज ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान किसानों के बैंक खातों में अंतरित किया गया। होली पर्व से पूर्व राशि मिलने से जिले के किसानों में उत्साह और प्रसन्नता का वातावरण है।
राज्य स्तरीय मुख्य समारोह बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड अंतर्गत ग्राम रहंगी खेल मैदान में आयोजित किया गया, जहां से मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने योजना अंतर्गत राशि का अंतरण किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी विकासखंड मुख्यालयों में किया गया, जिनमें बेमेतरा जिला भी वर्चुअली जुड़ा रहा।
*बेमेतरा जिले में 631.30 करोड़ रुपये का हुआ अंतरण*
जिले के 1 लाख 54 हजार 995 अन्नदाता किसानों को कुल 631 करोड़ 30 लाख रुपये की आदान सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की गई। वर्ष 2025-26 में जिले की 102 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के 129 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 1,54,995 किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से लगभग 86 लाख 44 हजार क्विंटल धान की खरीदी की गई। समर्थन मूल्य की राशि का भुगतान पूर्व में ही किसानों को किया जा चुका है।
आज कृषि उन्नति योजना के तहत सामान्य धान पर 731 रुपये प्रति क्विंटल तथा ग्रेड-ए धान पर 711 रुपये प्रति क्विंटल की दर से आदान सहायता राशि का अंतरण किया गया। इस प्रकार राज्य शासन द्वारा धान का कुल भुगतान 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से सुनिश्चित किया गया। प्रदेश स्तर पर 25 लाख 28 हजार से अधिक पंजीकृत धान एवं धान बीज उत्पादक किसानों को 10,324 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की गई।
*टाउन हॉल, बेमेतरा में हुआ वृहद किसान सम्मेलन*
जिला मुख्यालय बेमेतरा में कार्यक्रम का आयोजन टाउन हॉल में किया गया। इस अवसर पर विधायक श्री दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमा जय दिवाकर, कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हेमलता पदमाकर सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
*जिले के अन्य विकासखंडों में कार्यक्रम इस प्रकार आयोजित हुए*
बेमेतरा – टाउन हॉल
साजा – ग्राम सुवरताल
नवागढ़ – मंगल भवन
बेरला – सामुदायिक भवन
सभी स्थलों पर राशि अंतरण का सीधा प्रसारण दिखाया गया।
*विधायक श्री दीपेश साहू का संबोधन: “यह किसानों के परिश्रम का सम्मान”*
विधायक श्री दीपेश साहू ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि बेमेतरा कृषि प्रधान जिला है और यहां का किसान मेहनती, जागरूक एवं प्रगतिशील है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों से किया गया वादा निभाते हुए प्रति एकड़ 21 क्विंटल एवं 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी सुनिश्चित की है।
उन्होंने कहा कि 631 करोड़ 30 लाख रुपये की यह राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि किसानों के परिश्रम का सम्मान है। इससे आगामी फसल के लिए बीज, खाद, कीटनाशक एवं अन्य कृषि आदानों की व्यवस्था में सहायता मिलेगी।
विधायक श्री साहू ने बताया कि किसानों की मांग पर लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से अमोरा बैराज निर्माण को स्वीकृति दी गई है, जिससे क्षेत्र की सिंचाई क्षमता में वृद्धि होगी। साथ ही 6 नए विद्युत सब-स्टेशनों की स्वीकृति से किसानों को निर्बाध बिजली उपलब्ध होगी।
*जनप्रतिनिधियों ने भी रखे विचार*
नगर पालिका अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा ने कहा कि सरकार किसानों के हित में संवेदनशील निर्णय ले रही है। समय पर भुगतान से किसानों का विश्वास और मजबूत हुआ है।
जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमा जय दिवाकर ने कहा कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे किसानों के साथ-साथ स्थानीय बाजारों में भी आर्थिक गतिविधि बढ़ेगी।
*योजना का उद्देश्य: कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाना*
छत्तीसगढ़ राज्य की लगभग 70 प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर है। वर्षा आधारित खेती, लागत में वृद्धि एवं मौसमीय अनिश्चितता के कारण किसानों की आय प्रभावित होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने कृषि उन्नति योजना प्रारंभ की है, ताकि किसान उन्नत बीज, उर्वरक, यांत्रिकीकरण एवं आधुनिक तकनीक में निवेश कर सकें और कृषि को लाभकारी व्यवसाय के रूप में स्थापित किया जा सके।
*किसानों ने कहा – “सरकार ने अपना वादा ईमानदारी से पूरा किया”*
होली पर्व से पूर्व अंतर राशि प्राप्त होने पर किसानों ने खुशी व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया।
ग्राम सिरवाबांधा के किसान श्री चैतराम ने कहा कि उन्हें इस वर्ष धान की अंतर राशि के रूप में लगभग 6 लाख 42 हजार रुपये प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस राशि का उपयोग वे बच्चों की शिक्षा एवं आगामी कृषि कार्यों में करेंगे।
ग्राम पड़कीडीह के किसान श्री मेहतरू ने बताया उन्हें लगभग 45 हजार रुपये प्राप्त हुए हैं। त्योहार से पूर्व राशि मिलने से परिवार के साथ होली मनाने में सुविधा होगी और खेती-किसानी के कार्यों में भी सहायता मिलेगी। किसानों ने कहा कि समय पर भुगतान से उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी और खेती के लिए आवश्यक निवेश करने में आसानी होगी।
*उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ कार्यक्रम*
टाउन हॉल सहित जिले के सभी विकासखंडों में कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। किसानों ने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि भविष्य में भी किसानों के हित में ऐसे निर्णय लिए जाते रहेंगे। कृषक उन्नति योजना के माध्यम से बेमेतरा जिले में किसानों के जीवन में नई ऊर्जा और विश्वास का संचार हुआ है।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमारतिवारी, 9425564553,6265741003,




