• April 6, 2026

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर एवं प्रशासन की सार्थक पहल से सुलझा मामला, संवाद और समन्वय से किसानों की निःशर्त रिहाई

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर एवं प्रशासन की सार्थक पहल से सुलझा मामला, संवाद और समन्वय से किसानों की निःशर्त रिहाई

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज

दुर्ग। खरसिया–परमारकसा रेलवे परियोजना के अंतर्गत दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र के प्रभावित गांवों में आज प्रशासन द्वारा किसानों के खेतों का सर्वे कार्य किया जा रहा था। इस दौरान प्रशासनिक टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस बल भी तैनात रहा, ताकि सर्वे कार्य शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
सर्वे के दौरान प्रभावित किसान शांतिपूर्ण तरीके से अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए अपनी मांगों एवं समस्याओं को प्रशासन और मीडिया के समक्ष रख रहे थे। किसानों ने बताया कि वे लंबे समय से अपनी 10 सूत्रीय मांगों, विशेषकर भूमि के बदले चार गुना मुआवजे की मांग को लेकर प्रयासरत हैं और इस संबंध में स्पष्ट एवं सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा रखते हैं।
इसी दौरान स्थिति को नियंत्रित रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा कुछ किसानों को हिरासत में लिया गया, जिससे क्षेत्र में अस्थायी रूप से तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर तत्काल सक्रिय हुए और कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं प्रभावित किसानों के साथ थाना उतई पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
इसके पश्चात श्री ठाकुर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर दुर्ग अभिजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल से मुलाकात कर वस्तुस्थिति से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने किसानों की मांगों, उनकी भावनाओं एवं उत्पन्न परिस्थिति को गंभीरता से रखते हुए समाधान हेतु सकारात्मक हस्तक्षेप का आग्रह किया।
मामले की संवेदनशीलता को समझते हुए कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर एवं प्रशासन के बीच स्थापित सार्थक संवाद, आपसी समन्वय एवं सकारात्मक पहल के परिणामस्वरूप सभी किसानों को निःशर्त रिहा कर दिया गया। इस निर्णय के बाद क्षेत्र में शांति का माहौल स्थापित हुआ और स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई।
रिहा किए गए किसानों में अमित कुमार साहू (ग्राम पुरई), गोपेश्वर साहू (ग्राम पाऊवारा), धनऊ कोसरे (ग्राम पुरई) एवं पुनाराम देवांगन (ग्राम पुरई) शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि रेलवे परियोजना से प्रभावित किसान लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासन से संवाद की अपेक्षा कर रहे हैं। इस संदर्भ में प्रशासन की ओर से आश्वस्त किया गया है कि किसानों की मांगों एवं समस्याओं पर नियमानुसार गंभीरता से विचार किया जाएगा तथा सभी पक्षों के हितों को ध्यान में रखते हुए आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ किसानों के अधिकारों और आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संवाद और समन्वय के माध्यम से हर समस्या का समाधान संभव है।
पूरे घटनाक्रम के दौरान बड़ी संख्या में किसान, कांग्रेसजन एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने संयम बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में समाधान की दिशा में सहयोग किया, जो कि लोकतांत्रिक मूल्यों और आपसी विश्वास का सकारात्मक उदाहरण है।
इस दौरान जामवंत गजपाल, राकेश हिरवानी, उत्तरा कोसरे, नासिर खोखर,सौरभ ताम्रकर,चिंतामणि गजपाल, टीकम यादव, रूपेंद्र साहू, अभिषेक जांगड़े, लोचन यादव, पालेश्वर ठाकुर, प्रह्लाद वर्मा, द्वारिका साहू, जय साहू, सुरता सिंह गढ़े, तोषण साहू, बहादुर नेताम, गजानंद साहू, पिलेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में किसान व कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


Related News

तरबूज की खेती बनी किसानों की पहली पसंद

तरबूज की खेती बनी किसानों की पहली पसंद

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज – छत्तीसगढ़ कृषि महाविद्यालय धनोरा दुर्ग के बीएससी कृषि अंतिम वर्ष के छात्रा दिव्या…
वोरा ने दुर्ग जिला अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दी बधाई, उज्ज्वल कार्यकाल की कामना

वोरा ने दुर्ग जिला अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दी बधाई,…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   दुर्ग। दुर्ग जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में अध्यक्ष पद पर अधिवक्ता रमेश…
नवीन प्राथमिक शाला पंचशील नगर और चंद्रशेखर आजाद हायर सेकंडरी स्कूल में मनाया स्थापना दिवस

नवीन प्राथमिक शाला पंचशील नगर और चंद्रशेखर आजाद हायर सेकंडरी स्कूल में…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ था। उसी अवसर पर…