- May 9, 2026
पुरैना हाई स्कूल परिसर में सुशासन तिहार जनसमस्या निवारण शिविर संपन्न, विधायक ललित चंद्राकर ने सुनी जनता की समस्याएं, तत्काल निराकरण के दिए निर्देश

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग
नगर पालिक निगम रिसाली के अंतर्गत पुरैना हाई स्कूल परिसर में आज “सुशासन तिहार” के तहत वृहद जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दुर्ग ग्रामीण के विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) माननीय श्री ललित चंद्राकर मुख्य रूप से सम्मिलित हुए।
विधायक श्री ललित चंद्राकर ने शिविर में उपस्थित नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने राजस्व प्रकरण, लाईसेंस, दिव्यांग जन का प्रमाण पत्र, सामाजकल्याण विभाग पुलिस विभाग , मुख्यमंत्री तीर्थ योजना,राशन कार्ड, पेंशन, आवास योजना, नाली-निर्माण, पेयजल, सड़क मरम्मत सहित विभिन्न विषयों पर प्राप्त आवेदनों के तत्काल एवं समयबद्ध निराकरण हेतु उपस्थित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए। श्री चंद्राकर ने कहा कि _“मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी की सरकार का संकल्प है कि जनता को अपनी समस्याओं के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। शासन आपके द्वार पहुंच रहा है। सुशासन तिहार इसी सोच का परिणाम है।”_
शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। विधायक श्री चंद्राकर ने पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही ड्राइविंग लाइसेंस एवं जन्म प्रमाण पत्र का वितरण किया। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा “मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान” के तहत गर्भवती महिलाओं एवं शिशुवती माताओं को सुपोषण टोकरी प्रदान कर शिशु और मातृ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत मिले, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक श्री चंद्राकर ने कहा कि रिसाली क्षेत्र के विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार हेतु बड़े कार्य स्वीकृत हुआ है कुछ दिनों में भूमिपूजन किया जाएगा उन्होंने आमजनों से आह्वान किया कि शासकीय योजनाओं की जानकारी रखें और शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
सुशासन तिहार-2026 का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करना तथा विकास कार्यों में गति लाने के साथ ही आम जनता, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से सीधा संवाद स्थापित करना है।
इस अवसर पर निगम आयुक्त सुश्री मोनिका वर्मा, मरोदा-पुरैना मंडल अध्यक्ष श्री राजू राकेश जंघेल, विधायक प्रतिनिधि श्री गोविंद साहू, पार्षद श्री खिलेंद्र विक्की चंद्राकर, मंडल मंत्री श्री इंद्रजीत सोनी, श्री नारायण निर्मलकर, श्री डी. साईं, श्री बी. गणपति सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक व ग्रामवासी उपस्थित रहे।





