• May 23, 2026

भीषण गर्मी एवं लू को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजर, दोपहर 12 से 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने की अपील, जिला अस्पताल में विशेष लू-वार्ड तैयार

भीषण गर्मी एवं लू को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजर, दोपहर 12 से 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने की अपील, जिला अस्पताल में विशेष लू-वार्ड तैयार

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज

 

बेमेतरा। जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी एवं ग्रीष्म लहर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग एवं जिला चिकित्सालय बेमेतरा द्वारा आम नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलने तथा लू से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है। सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. लोकेश साहू ने बताया कि छत्तीसगढ़ में नवतपा शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। गुरुवार और शुक्रवार को बेमेतरा जिले में तेज गर्म हवाओं और झुलसा देने वाली धूप ने जनजीवन को प्रभावित किया। जिले का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि रात के समय भी गर्म हवाएं चलती रहीं। दोपहर में स्थिति इतनी गंभीर रही कि कूलर भी ठंडी हवा देने में असफल रहे।

*मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट*
मौसम विभाग ने बेमेतरा सहित बिलासपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, बलौदा बाजार, रायपुर, धमतरी, दुर्ग, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई तथा राजनांदगांव जिलों में ग्रीष्म लहर की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार बेमेतरा में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं कोरबा, गरियाबंद, महासमुंद, बालोद एवं मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों में भी हीटवेव की संभावना जताई गई है।

*दोपहर 12 से 4 बजे तक बाहर न निकलने की अपील*
डॉ. लोकेश साहू ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। यदि बाहर जाना अत्यंत आवश्यक हो तो हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें तथा पूरे शरीर को ढंककर रखें। धूप से बचाव के लिए छाता, टोपी, गमछा एवं धूप के चश्मे का उपयोग करें।

*लू से बचाव के लिए बरतें ये सावधानियां*
पर्याप्त मात्रा में पानी एवं तरल पदार्थ लें, प्यास न लगने पर भी समय-समय पर पानी पीते रहें। ओआरएस, नींबू पानी, छाछ एवं नारियल पानी का सेवन करें। अत्यधिक चाय, कॉफी एवं शराब के सेवन से बचें। ताजा फल एवं हल्का भोजन लें। बासी, तला-भुना और अधिक मसालेदार भोजन से परहेज करें। बच्चों, बुजुर्गों एवं गर्भवती महिलाओं का रखें विशेष ध्यान | बच्चों या पशुओं को बंद वाहन में अकेला न छोड़ें। बुजुर्गों एवं गर्भवती महिलाओं को तेज धूप से बचाकर रखें। धूप में कार्य करने वाले श्रमिक समय-समय पर छायादार स्थान पर विश्राम करें तथा नियमित अंतराल में पानी पीते रहें।

*लू लगने के प्रमुख लक्षण*
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार तेज बुखार, चक्कर आना, बेहोशी, अत्यधिक कमजोरी, घबराहट, तेज धड़कन एवं सांस लेने में कठिनाई लू लगने के प्रमुख लक्षण हैं।

*हीट स्ट्रोक की स्थिति में तुरंत करें ये उपाय*
यदि किसी व्यक्ति को हीट स्ट्रोक हो जाए तो उसे तुरंत ठंडी एवं छायादार जगह पर ले जाएं। शरीर पर ठंडे पानी की पट्टी करें। मरीज के होश में होने पर उसे पानी या ओआरएस पिलाएं तथा तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या जिला चिकित्सालय बेमेतरा पहुंचाएं।

*जिला अस्पताल में विशेष लू-वार्ड तैयार*
डॉ. लोकेश साहू ने बताया कि जिला चिकित्सालय बेमेतरा में लू से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए विशेष लू-वार्ड तैयार किया गया है। अस्पताल में ओआरएस, आईवी फ्लूड एवं आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं सुरक्षित रहें तथा आसपास के लोगों को भी गर्मी एवं लू से बचाव के प्रति जागरूक करें।

 

ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमारतिवारी, 9425564553,6265741003,


Related News

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जन समस्या निवारण शिविर में सुनीं नागरिकों की समस्याएं

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जन समस्या निवारण शिविर में सुनीं नागरिकों…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज     बेमेतरा। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव…
ग्राम बेलौदी में प्राप्त हुए 501 आवेदन, मौके पर 283 आवेदनों का हुआ निराकरण

ग्राम बेलौदी में प्राप्त हुए 501 आवेदन, मौके पर 283 आवेदनों का…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज     दुर्ग। सुशासन तिहार के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन आज जनपद…
दुर्ग के आर्य नगर में एक ही परिवार के चार सदस्यों के निधन पर मंत्री गजेन्द्र यादव ने जताया गहरा शोक

दुर्ग के आर्य नगर में एक ही परिवार के चार सदस्यों के…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज     दुर्ग। दुर्ग शहर के आर्य नगर क्षेत्र में एक ही परिवार के…