- June 5, 2026
विश्व पर्यावरण दिवस पर निगम की विशेष सामान्य सभा, हरित दुर्ग निर्माण का लिया संकल्प

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा जलवायु संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष सामान्य सभा का आयोजन किया गया। माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर में विचाराधीन प्रकरण WPPIL 23/2026 के परिप्रेक्ष्य में आयोजित इस विशेष सभा में स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण एवं नगरीय विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
सभापति श्याम शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित सभा में महापौर अलका बाघमार,आयुक्त सुमित अग्रवाल,एमआईसी सदस्यगण नरेंद्र बंजारे, देव नारायण चन्द्राकर, शेखर चन्द्राकर,लीना दिनेश देवांगन,ज्ञानेश्वर ताम्रकर,नीलेश अग्रवाल,मनीष साहू,काशीराम कोसरे,शिव नायक,लीला धर पाल,शशि साहू एवं पार्षदगण एवं निगम अधिकारियों की उपस्थिति रही। बैठक की शुरुआत विश्व पर्यावरण दिवस की थीम के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास के संकल्प के साथ हुई।
सभा के दौरान विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता, वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अनुभव साझा किए। साथ ही सभी पार्षदों ने अपने वार्डों में व्यापक स्तर पर हरियाली अभियान संचालित करने तथा नागरिकों की सहभागिता से अधिक से अधिक पौधारोपण कराने की जिम्मेदारी लेने का संकल्प व्यक्त किया।
बैठक में नगर निगम क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, घर-घर स्वच्छता जागरूकता अभियान, प्लास्टिक मुक्त दुर्ग अभियान तथा वार्ड स्तर पर जनसहभागिता बढ़ाने के उपायों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि स्वच्छ और हरित शहर का निर्माण केवल निगम प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देकर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे हरियाली एवं स्वच्छता अभियान में जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है।आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण देने के लिए आज से ही प्रकृति संरक्षण के प्रति सजग होना होगा। अधिक से अधिक पौधारोपण और उनकी देखरेख ही पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम है।
सभापति श्याम शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ और हरित वातावरण के लिए प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण करने, जल संरक्षण अपनाने तथा पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लेना चाहिए।
आयुक्त सुमित अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम द्वारा स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को तकनीकी रूप से और अधिक मजबूत बनाया जा रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से घरों में गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण करने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने की अपील की।
सभा में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता समितियों को सक्रिय कर नियमित निगरानी व्यवस्था विकसित की जाएगी। साथ ही बड़े कचरा उत्पादक संस्थानों (Bulk Waste Generators) को ऑन-साइट कचरा प्रबंधन प्रणाली लागू करने हेतु आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे।
नगर निगम द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि खुले में कचरा फेंकने, अवैध डंपिंग करने तथा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई एवं जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए हेल्पलाइन 1100 एवं व्हाट्सएप चैटबॉट 8519009090 के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया।
बैठक में RRR (Reduce, Reuse, Recycle) केंद्रों के विस्तार, डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम को मजबूत करने तथा पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों में नागरिकों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
अंत में सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देकर दुर्ग को स्वच्छ, सुंदर, हरित एवं आदर्श नगर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।




