- June 9, 2026
शिवनाथ नदी किनारे रेत का अवैध खनन, विभागीय अफसरों को नजर नहीं आ रहा अवैध काम

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। बहेरघट स्थित शिवनाथ नदी की रेत खदान को लेकर खनिज विभाग द्वारा जानकारी दी गई है कि रेत खदान के आवंटन एवं संचालन की समस्त प्रक्रियाएं नियमानुसार संचालित की जा रही हैं तथा क्षेत्र की नियमित निगरानी की जा रही है। खनिज विभाग के अनुसार ग्राम बहेरघट, तहसील बेरला स्थित रेत खदान की ई-नीलामी प्रक्रिया के तहत श्री प्रतीक सिंह राजपूत को अधिमानी बोलीदाता घोषित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार आशय पत्र जारी किया जा चुका है। वर्तमान में पर्यावरण स्वीकृति की प्रक्रिया प्रचलन में है। आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त होने के पश्चात खनिज विकास एवं उत्पादन समझौते सहित अन्य औपचारिकताओं को पूर्ण कर कार्यानुमति प्रदान की जाएगी।
प्राप्त आवेदन एवं जनसूचनाओं के आधार पर खनिज विभाग द्वारा दिनांक 25 मई 2026 को संबंधित क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्रामवासियों की उपस्थिति में स्थल का अवलोकन कर आवश्यक जानकारी संकलित की गई तथा पंचनामा तैयार किया गया। विभाग द्वारा क्षेत्र की गतिविधियों पर सतत नजर रखी जा रही है तथा खनिज संसाधनों के संरक्षण एवं नियमों के प्रभावी पालन के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। खनिज विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि खनिजों के अवैध उत्खनन अथवा परिवहन संबंधी कोई भी जानकारी प्राप्त होने पर तत्काल विभाग को सूचित करें, जिससे आवश्यक जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिला प्रशासन एवं खनिज विभाग द्वारा जिले में खनिज संसाधनों के सुव्यवस्थित प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण तथा नियमसम्मत खनन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन की प्राथमिकता प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ-साथ पारदर्शी एवं विधिसम्मत खनन गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमारतिवारी, 9425564553,6265741003,




