- June 10, 2026
सुशासन तिहार समापन समाधान शिविर का आयोजन रेवे में, ग्रामीणों की समस्याओं का हुआ निराकरण

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रदेशभर में आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत बेमेतरा जिले के बेरला ब्लॉक के ग्राम पंचायत रेवे में समापन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्लस्टर की विभिन्न ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं संवेदनशील तरीके से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर रजककार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, पूर्व विधायक अवधेश सिंह चंदेल, रायपुर जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सुशासन, संवेदनशीलता और सेवा के मंत्र पर कार्य कर रही सरकार
विधायक दीपेश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन, संवेदनशीलता और सेवा के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। शासन की मंशा है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर शासन और जनता के बीच भरोसे का मजबूत माध्यम बनकर उभरा है।
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण क्षेत्र के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का सम्मान रहा। क्लस्टर क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विधायक दीपेश साहू ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा ही विकास का सबसे सशक्त माध्यम है और यही विद्यार्थी क्षेत्र एवं प्रदेश का भविष्य हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
युवाओं के लिए आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार
विधायक दीपेश साहू ने बताया कि युवाओं को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बेमेतरा में लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक नालंदा परिसर का निर्माण कराया जा रहा है, जहां विद्यार्थियों को निःशुल्क लाइब्रेरी सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा उनके वैवाहिक कार्यक्रम के अवसर पर प्रदेश के मुखिया विष्णु देव साय द्वारा जिले के छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा के लिए नर्सिंग कॉलेज की घोषणा की जानकारी भी ग्रामीणों को दी । उन्होंने बताया कि श्रीराम एकेडमी के माध्यम से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है तथा शीघ्र ही श्रीराम लाइब्रेरी का शुभारंभ भी किया जाएगा।
रेवे को मिली विकास कार्यों की सौगात
सरपंच रेवे की मांग पर विधायक दीपेश साहू ने ग्राम पंचायत रेवे में 5-5 लाख रुपये की लागत से दो सीसी रोड निर्माण की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित अमोरा बैराज परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना से क्षेत्र के लाखों किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा तथा आम नागरिकों को भी जल उपलब्धता में महत्वपूर्ण सहायता प्राप्त होगी।
विभिन्न विभागों ने लगाए सेवा एवं जनजागरूकता स्टॉल
समाधान शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से जनपद पंचायत बेरला अन्तर्गत मनरेगा, आवास एवं स्वच्छ भारत मिशन संबंधी स्टॉल लगाया गया था । स्टॉल में मनरेगा के परिवर्तित स्वरूप बीबी जी राम जी के प्रावधानों का पंपलेट वितरण के साथ-साथ योजना परिवर्तन की जानकारी ग्रामीणों को दी जा रही थी, स्कूल शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, कृषि, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, पशुपालन, उद्यानिकी, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, श्रम, सहकारिता, मत्स्य विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा लोक सेवा केंद्र सहित विभिन्न विभागों द्वारा सेवा एवं जनजागरूकता स्टॉल लगाए गए।
इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
हितग्राहियों को वितरित किए गए विभिन्न योजनाओं के लाभ
शिविर में आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, किसान किताब, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी एवं पूर्णता प्रमाण पत्र, नोनी सुरक्षा योजना के बीमा बॉन्ड, सुकन्या समृद्धि योजना की पासबुक, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रोत्साहन राशि, उन्नत कृषि योजना के प्रमाण पत्र तथा महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत नए परिवारों को रोजगार कार्ड का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर बेमेतरा प्रतिष्ठा ममगई अनुविभागीय अधिकारी राजस्व दीप्ति वर्मा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बेरला दीप्ति मंडावी सहित सभी विभाग के अधिकारीगण, सभी ग्राम पंचायत के सरपंच सचिव रोजगार सहायक, ग्रामीण जन एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। शिविर में अधिकारी-कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही। समाधान शिविर के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचा तथा जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण से ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा कार्यक्रम की सफलतापूर्वक क्रियान्वयन हेतु जिला प्रशासन की प्रशंसा करते हुए बधाई दी गई एवं सभी अधिकारियों को प्राप्त आवेदन पत्रों का गुणवत्ता पूर्ण एवं त्वरित निराकरण हेतु निर्देश दिया गया ।
रेवे में इस अंतिम सुशासन तिहार में विधायक बेमेतरा दीपेश साहू ने बतलाया कि लगभग 700 से अधिक आवेदन आज शिविर में सभी विभागों के मिलाकर प्राप्त हुए हैं जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के द्वारा अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए शासन विभागीय स्तर पर कार्य कर रहे हैं, खनिज विभाग के अधिकारियों का टेबल नहीं लगे होने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी यहां पहुंचे हुए हैं, अपने अपने कार्य पर लगे हुए, पिछले सुशासन तिहार 2025 में दिए गए आवेदन पर अभी तक कोई काम नहीं होने की बात पर उन्होंने पत्रकार योगेश कुमार तिवारी से कहा कि आपकी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा, परपोड़ा गांव में बच्चों के लिए खेल मैदान ,इंडोर स्टेडियम की मांग रखी गई,इस पर उन्होंने कहा कि इस विषय पर भी चर्चा कर स्टेडियम निर्माण की योजना के साथ काम किया जाएगा, इस आश्वासन से आए हुए बच्चों में भी खुशी की लहर फैल गई। वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र शर्मा ने कहा कि 45 डिग्री से अधिक के तापमान में भी सुशासन तिहार रेवे में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए अपना आवेदन प्रस्तुत किया, उन्हें मुख्यमंत्री विष्णु देव के सुशासन पर पूरा भरोसा है की अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाएं पहुंचे एवं उसका लाभ उन्हें मिले,,उन्होंने 12 वर्ष के लंबे कार्यकाल को पूर्ण करने पर भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेताओं को बहुत शुभकामनाएं और बधाइयां दी और विश्वास दिलाया कि जिन लोगों ने सुशासन तिहार में अपना आवेदन, अपनी समस्याएं रखी है, उसका निराकरण भी शीघ्र किया जाएगा। जिला प्रशासन के समस्त विभाग के लोग भी इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सुबह 10:00 बजे से 4 बजे तक जून की भरी गर्मी में लोगों की सेवा में तत्पर रहे। दूर-दूर से पहुंचे हुए गांव के लोगों के लिए कार्यक्रम उपरांत भोजन की व्यवस्था रखी गई थी।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमारतिवारी, 9425564553,6265741003,




