- June 15, 2026
संस्कार, संस्कृति और राष्ट्रभावना से जुड़ेगा विद्यार्थी जीवन : शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव का निर्णय ऐतिहासिक – नितेश साहू

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रवक्ता नितेश साहू ने छत्तीसगढ़ सरकार एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव द्वारा प्रदेश के सभी विद्यालयों में राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, दीप मंत्र, सरस्वती वंदना, गुरु मंत्र, महापुरुषों की जीवनी का वाचन, मध्यान्ह भोजन मंत्र, राज्यगीत, गायत्री मंत्र एवं शांति मंत्र के नियमित आयोजन संबंधी जारी आदेश का स्वागत करते हुए इसे एक ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी निर्णय बताया है।
भाजपा प्रवक्ता नितेश साहू ने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होती, बल्कि उसका उद्देश्य विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना भी होता है। वर्तमान समय में बच्चों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम एवं सामाजिक दायित्वों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। छत्तीसगढ़ सरकार का यह निर्णय विद्यार्थियों में संस्कारों के बीजारोपण के साथ-साथ उन्हें अपनी सभ्यता, संस्कृति और महान परंपराओं से जोड़ने का कार्य करेगा।
नितेश साहू ने कहा कि यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव द्वारा लिया गया यह निर्णय निश्चित रूप से आने वाली पीढ़ी के चरित्र निर्माण और नैतिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। आज जब आधुनिक जीवनशैली और डिजिटल माध्यमों के कारण बच्चों का सामाजिक एवं पारिवारिक जुड़ाव कम होता जा रहा है, ऐसे समय में विद्यालयों के माध्यम से संस्कारयुक्त वातावरण का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय किसी राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, उनके नैतिक उत्थान और राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से लिया गया है। इसलिए इस प्रकार के सकारात्मक और समाजहितैषी निर्णयों का स्वागत किया जाना चाहिए।
नितेश साहू ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव को बधाई देते हुए कहा कि यह निर्णय छत्तीसगढ़ की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने वाला तथा विद्यार्थियों के भीतर राष्ट्रभावना और भारतीय जीवन मूल्यों को सशक्त बनाने वाला सिद्ध होगा।




