- June 16, 2026
कांग्रेस के हस्तक्षेप का असर: जिला अस्पताल की मॉर्चुरी में पहुंचे नए डीप फ्रीजर, जल्द मिलेंगे चार और

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर द्वारा जिला चिकित्सालय की मॉर्चुरी में वर्षों से चली आ रही अव्यवस्थाओं एवं खराब पड़े डीप फ्रीजरों की समस्या को प्रमुखता से उठाने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कांग्रेस द्वारा किए गए हस्तक्षेप और आंदोलन की चेतावनी के बाद जिला अस्पताल की मॉर्चुरी में दो नए डीप फ्रीजर स्थापित कर दिए गए हैं, जबकि अस्पताल प्रबंधन ने जल्द ही चार अतिरिक्त डीप फ्रीजर उपलब्ध कराने की जानकारी दी है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला चिकित्सालय प्रबंधन एवं जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मॉर्चुरी की बदहाल स्थिति, खराब पड़े डीप फ्रीजरों तथा शवों के संरक्षण में आ रही गंभीर समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित कराया था। कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि 15 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जनहित में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
कांग्रेस की इस पहल के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आया और मॉर्चुरी में दो नए डीप फ्रीजर उपलब्ध करा दिए गए। इससे शवों के संरक्षण की व्यवस्था में सुधार होगा तथा मृतकों के परिजनों को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाती रही है। उन्होंने कहा कि मॉर्चुरी में पर्याप्त डीप फ्रीजर नहीं होने के कारण मृतकों के परिजनों को अत्यंत पीड़ादायक परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा था। यह केवल एक प्रशासनिक समस्या नहीं बल्कि मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा विषय था, जिसे कांग्रेस ने गंभीरता से उठाया।
धीरज बाकलीवाल ने कहा, “यह जनहित और आम जनता की आवाज की जीत है। कांग्रेस द्वारा उठाए गए मुद्दे पर प्रशासन ने सकारात्मक पहल करते हुए दो नए डीप फ्रीजर उपलब्ध कराए हैं। हम जिला प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने इस गंभीर विषय पर त्वरित संज्ञान लिया। साथ ही हम यह अपेक्षा करते हैं कि शेष चार डीप फ्रीजर भी जल्द उपलब्ध कराए जाएं ताकि भविष्य में किसी भी परिवार को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।”
उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, पेंशन एवं अन्य जनसरोकार के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी तथा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
मॉर्चुरी व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचे कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, महामंत्री रायसिंह ढिकोला, ज्ञानू बांगड़े, उप संरक्षक जीवनदीप समिति दुष्यंत देवांगन, पूर्व कार्यकारिणी सदस्य जीवनदीप समिति राहुल शर्मा, कांग्रेस प्रवक्ता सुशील भारद्वाज एवं आयुष शर्मा उपस्थित रहे।




