- June 18, 2026
विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के अभियान के तहत आयोजित पंजीयन शिविर में सैकड़ों हितग्राही हुए लाभान्वित

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में संचालित “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत बेमेतरा जिले में तीन दिवसीय वृहद पंजीयन शिविर का शुभारंभ आज 18 जून को किया गया। जिला मुख्यालय स्थित टाउन हॉल में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
शिविर में शासन की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं के लिए पात्र हितग्राहियों का ऑन-द-स्पॉट पंजीयन किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा हितग्राहियों के दस्तावेजों का परीक्षण कर मौके पर ही आवेदन पत्र भरवाए गए तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ा गया। इससे नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ी और उन्हें एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं का लाभ प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़कर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। शिविर में नागरिकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई तथा उनकी समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण की व्यवस्था की गई।
जिले के सभी राजस्व अनुविभाग स्तर पर आयोजित किए जा रहे इन तीन दिवसीय शिविरों में नए पंजीयन, दस्तावेजों में त्रुटि सुधार, लंबित मामलों के निराकरण एवं विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं के समाधान की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। शासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र नागरिक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे तथा सभी को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं प्राप्त हों।
*इन योजनाओं के लिए किया जा रहा है पंजीयन*
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पंजीयन एवं लाभ प्रदान करने की कार्यवाही की जा रही है। इनमें प्रमुख रूप से आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं तथा अन्य कल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं।
शासन की यह विशेष पहल समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास एवं जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। शिविरों के माध्यम से नागरिकों को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी प्रभावी रूप से किया जा रहा है।
टाउन हॉल, बेमेतरा में आयोजित शिविर में पुलिस उप महानिरीक्षक श्री रामकृष्ण साहू, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा, श्री योगेश तिवारी, श्री राजेन्द्र शर्मा, श्री जय दिवाकर, एसडीएम श्री प्रकाश भारद्वाज, जनप्रतिनिधिगण, पार्षदगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में शिविरों का लाभ उठाने की अपील की तथा शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमारतिवारी, 9425564553,6265741003,




