• June 24, 2026

1 जुलाई से लागू होगी वीबी जी राम जी योजना, बेमेतरा में जनजागरण अभियान बना मिसाल

1 जुलाई से लागू होगी वीबी जी राम जी योजना, बेमेतरा में जनजागरण अभियान बना मिसाल

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज

बेमेतरा। प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, आजीविका संवर्धन एवं समग्र विकास को नई दिशा देने वाली वीबी जी राम जी (विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण) योजना आगामी 1 जुलाई 2026 से लागू होने जा रही है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं व्यापक जन-जागरूकता के लिए बेमेतरा जिले में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशन में जिले के सभी विकासखंडों में प्रशिक्षण, जनसंपर्क, ग्राम सभाएं, चौपाल, रैली एवं जनजागरूकता गतिविधियों को गति दी गई है।

योजना को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का वातावरण देखने को मिल रहा है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों तथा जिला स्तर पर लगातार बैठकें, प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं ग्राम सभाएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें ग्रामीणों को योजना के उद्देश्यों, लाभों, पात्रता एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

*सांकरा एवं देवरी में मानव श्रृंखला बनी आकर्षण का केंद्र*
जनपद पंचायत बेरला अंतर्गत ग्राम पंचायत सांकरा एवं देवरी में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, पंचायत कर्मियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं तथा युवाओं ने योजना के समर्थन में मानव श्रृंखला बनाकर जनभागीदारी का अनूठा संदेश दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीण हाथों में तख्तियां एवं जागरूकता संदेश लेकर शामिल हुए। इस दौरान “वीबी जी राम जी – गांव की प्रगति, हम सबकी जिम्मेदारी”, “सशक्त गांव, समृद्ध परिवार”, “रोजगार और आजीविका का नया संबल” तथा “जनभागीदारी से होगा विकास” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को योजना से जुड़ने और उसका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

मानव श्रृंखला के माध्यम से ग्रामीणों ने यह संदेश दिया कि यह योजना केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास, आत्मनिर्भरता और सामुदायिक भागीदारी का एक व्यापक अभियान है। ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि गांव के प्रत्येक पात्र परिवार तक योजना की जानकारी पहुंचाई जाएगी तथा उन्हें लाभ दिलाने में सक्रिय सहयोग किया जाएगा।

*केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने की सराहना*
बेमेतरा जिले में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान की गूंज राष्ट्रीय स्तर तक पहुंची है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बेमेतरा की मानव श्रृंखला की तस्वीर साझा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से आई यह तस्वीर ग्रामीण जनजागरूकता, सहभागिता और आत्मविश्वास का उत्कृष्ट उदाहरण है।

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच के माध्यम से बेमेतरा जिले के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे योजना के प्रति जनजागरूकता और जनसहभागिता का प्रेरणादायी मॉडल बताया है।

*ग्राम सभाओं के माध्यम से पहुंचाई जा रही योजना की जानकारी*
जिले के गांव-गांव में आयोजित ग्राम सभाओं एवं जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को योजना के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी जा रही है। अधिकारियों द्वारा बताया जा रहा है कि योजना के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को रोजगार एवं आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर परिवारों की आय में वृद्धि तथा आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित किया जाएगा। योजना के सफल संचालन के लिए पंचायत स्तर पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, जिससे योजना लागू होने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध लाभ मिल सके।

*30 जून तक पूर्ण होगा व्यापक प्रशिक्षण अभियान*
जिला प्रशासन द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पंचायत, ब्लॉक एवं जिला स्तर पर व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं एवं हितग्राहियों को योजना की कार्यप्रणाली, पात्रता, लाभ एवं प्रक्रियाओं की जानकारी दी जा रही है। प्रशासन ने 30 जून 2026 तक सभी संबंधित हितधारकों का प्रशिक्षण पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, ताकि 1 जुलाई से योजना का संचालन सुचारू रूप से प्रारंभ किया जा सके।

*प्रचार-प्रसार के लिए अपनाए जा रहे बहुआयामी माध्यम*
योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए ग्राम सभाओं, चौपालों, जागरूकता रैलियों, पोस्टर-बैनर, मुनादी, रथ प्रचार, जनसंवाद कार्यक्रमों एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जा रहा है। सरपंच, पंच, सचिव, रोजगार सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठन भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

*उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने भी किया संवाद*
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने भी मंगलवार को अपने फेसबुक लाइव कार्यक्रम के माध्यम से आगामी ग्राम सभाओं एवं वीबी जी राम जी योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित करते हुए लोगों के प्रश्नों का समाधान किया तथा योजना को ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

*जनभागीदारी से साकार होगा विकसित और आत्मनिर्भर गांव का संकल्प*
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलता जनभागीदारी से ही सुनिश्चित होती है। उन्होंने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को निर्देशित किया है कि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजना की जानकारी पहुंचाई जाए तथा उन्हें समय पर योजना से जोड़ा जाए। बेमेतरा जिले में चलाया जा रहा यह जागरूकता अभियान न केवल योजना के सफल क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है, बल्कि ग्रामीणों में विकास योजनाओं के प्रति जागरूकता, सहभागिता एवं स्वामित्व की भावना को भी सशक्त बना रहा है। सांकरा और देवरी में बनी मानव श्रृंखला इस बात का प्रतीक है कि ग्रामीण समाज विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध गांवों के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहा है।

 

 

 

ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमारतिवारी, 9425564553,6265741003,


Related News

दुर्ग में 3000 से अधिक हितग्राही पेंशन से वंचित,अरुण वोरा की गाड़ी रोककर लगाई मदद की गुहार

दुर्ग में 3000 से अधिक हितग्राही पेंशन से वंचित,अरुण वोरा की गाड़ी…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   दुर्ग। शहर में पूर्व विधायक अरुण वोरा के दौरे के दौरान सोमवार को…
नशा बन रहा अपराधों की जड़-कांग्रेस नेता राजकुमार नारायणी

नशा बन रहा अपराधों की जड़-कांग्रेस नेता राजकुमार नारायणी

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   दुर्ग । दुर्ग-भिलाई में बढ़ते अपराध और नशे के मामलों को लेकर दुर्ग…
कोदवा में ग्राम सभा, ग्रामीणों की उपस्थिति रही कम

कोदवा में ग्राम सभा, ग्रामीणों की उपस्थिति रही कम

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   ग्राम पंचायत कोदवा , आज ग्राम सभा बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें ग्राम…