- June 24, 2026
नशा बन रहा अपराधों की जड़-कांग्रेस नेता राजकुमार नारायणी

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग । दुर्ग-भिलाई में बढ़ते अपराध और नशे के मामलों को लेकर दुर्ग नगर निगम के पूर्व सभापति एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजकुमार नारायणी ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि शहर और जिले में लगातार हत्या, चाकूबाजी, लूट, चोरी तथा अन्य गंभीर अपराधों की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है। कांग्रेस नेता राजकुमार नारायणी ने कहा कि पिछले कुछ समय में हुई कई हत्या और गंभीर आपराधिक घटनाओं में नाबालिग आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। अधिकांश मामलों में मामूली विवाद, आपसी रंजिश अथवा रुपए-पैसों के लेन-देन को लेकर हिंसक घटनाएं हुई हैं। चिंताजनक तथ्य यह है कि इन घटनाओं में नशे की भूमिका भी सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि दुर्ग जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ ऑपरेशन विश्वास अभियान चलाकर अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों के कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है, लेकिन इसके बावजूद नशे का नेटवर्क पूरी तरह समाप्त नहीं हो पाया है। समाज के सामने यह एक गंभीर चुनौती बन चुका है। श्री नारायणी ने कहा कि जिले के पुलिस थानों में उपलब्ध आंकड़े भी जिले में बढ़ते आपराधिक गतिविधियों की ओर संकेत करते हैं। अपराध केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह सामाजिक चिंता का विषय भी है। यदि किशोर और युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में आकर अपराध की ओर बढ़ रहा है, तो यह समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए गंभीर खतरे का संकेत है। श्री नारायणी ने कहा कि नशा नाश की जड़ है। आज के बच्चे और युवा ही देश और प्रदेश का भविष्य हैं। यदि वे नशे और अपराध के दलदल में फंसते गए तो समाज का भविष्य प्रभावित होगा। इसलिए प्रदेश सरकार को केवल पुलिस कार्रवाई तक सीमित न रहकर नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण, जन-जागरूकता अभियान, युवाओं के लिए रोजगार और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने जैसे ठोस कदम उठाने होंगे। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष नीति बनाकर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं को अपराध और नशे के दुष्चक्र से बचाया जा सके तथा दुर्ग-भिलाई सहित पूरे प्रदेश में सुरक्षित वातावरण स्थापित हो सके।




