- June 29, 2026
संत कबीर साहेब जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए पूर्व विधायक अरुण वोरा

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। महान संत एवं समाज सुधारक संत कबीरदास जी की जयंती के पावन अवसर पर दुर्ग शहर में आयोजित कार्यक्रमों में पूर्व विधायक श्री अरुण वोरा शामिल हुए।
संत कबीर साहेब जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम एवं प्रसाद वितरण समारोह में पूर्व विधायक अरुण वोरा, पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा, राजमार्ग पाली एवं राकेश यादव उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान संत कबीर साहेब जी के जीवन, उनके विचारों और समाज सुधार के संदेशों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। संत कबीरदास जी ने अपने दोहों के माध्यम से समाज को अंधविश्वास, भेदभाव और बुराइयों से दूर रहकर प्रेम, भाईचारे, समानता और सद्भावना का मार्ग दिखाया।
इस अवसर पर अरुण वोरा ने संत कबीरदास जी के प्रसिद्ध दोहे का उल्लेख करते हुए कहा—
“बुरा जो देखन मैं चला, बुरा न मिलिया कोय।
जो दिल खोजा आपना, मुझसे बुरा न कोय॥”
उन्होंने कहा कि संत कबीर साहेब जी के विचार आज भी समाज को आत्मचिंतन, मानवता और सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उनके अमूल्य संदेश सदैव समाज को नई दिशा प्रदान करते रहेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने संत कबीर साहेब जी के बताए मार्ग पर चलने और मानवता, प्रेम एवं सद्भावना के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।




