• July 4, 2026

नकटी गांव में गरीबों के आशियानों पर बुलडोजर चलाना भाजपा की तानाशाही का प्रतीक : धीरज बाकलीवाल

नकटी गांव में गरीबों के आशियानों पर बुलडोजर चलाना भाजपा की तानाशाही का प्रतीक : धीरज बाकलीवाल

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज

 

दुर्ग। जिला कांग्रेस कमेटी, दुर्ग के अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल ने नकटी गांव में वर्षों से निवासरत गरीब परिवारों के मकानों पर की गई बुलडोजर कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे भाजपा सरकार की संवेदनहीन एवं जनविरोधी कार्यशैली बताया है।

धीरज बाकलीवाल ने कहा कि एक ओर बरसात का मौसम शुरू हो चुका है, वहीं दूसरी ओर वर्षों से अपने आशियाने में रह रहे लगभग 85 गरीब परिवारों को बेघर कर देना अत्यंत अमानवीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। जिन परिवारों ने वर्षों की मेहनत से अपना घर बनाया, आज वे खुले आसमान के नीचे जीवन बिताने को मजबूर हैं। यह किसी भी संवेदनशील सरकार के लिए शर्मनाक स्थिति है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार “सबका साथ, सबका विकास” का नारा तो देती है, लेकिन हकीकत यह है कि उसके शासन में सबसे अधिक अन्याय गरीब, मजदूर और कमजोर वर्ग के साथ हो रहा है। यदि किसी विकास कार्य के लिए भूमि की आवश्यकता थी तो पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था की जानी चाहिए थी। बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए लोगों के घरों पर बुलडोजर चलाना पूरी तरह असंवेदनशील और तानाशाहीपूर्ण कदम है।

धीरज बाकलीवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भी उक्त क्षेत्र में विकास कार्य एवं कॉलोनी निर्माण का प्रस्ताव आया था, लेकिन तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि किसी भी गरीब परिवार को बेघर नहीं किया जाएगा। कांग्रेस ने हमेशा विकास और मानवीय संवेदनाओं के बीच संतुलन बनाकर कार्य किया तथा गरीबों के अधिकारों की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के स्थानीय नेताओं के आपसी मतभेद और राजनीतिक खींचतान का खामियाजा आज निर्दोष गरीब परिवारों को भुगतना पड़ रहा है। भाजपा के जनप्रतिनिधि पूरी कार्रवाई के दौरान मूकदर्शक बने रहे, जबकि कांग्रेस पार्टी सदैव गरीबों, किसानों, मजदूरों एवं वंचित वर्ग के साथ मजबूती से खड़ी रही है और आगे भी उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी।

धीरज बाकलीवाल ने कहा कि विकास का अर्थ केवल भवन और सड़कें बनाना नहीं है। वास्तविक विकास वह है जिसमें किसी गरीब की छत न छीने, किसी परिवार का आशियाना न उजड़े और किसी बच्चे के सिर से सुरक्षा का साया न हटे। यदि विकास के नाम पर गरीबों को ही उजाड़ा जाएगा, तो यह सामाजिक न्याय की भावना के विपरीत है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि नकटी गांव में की गई तोड़फोड़ की कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराई जाए, जिन परिवारों के घर तोड़े गए हैं उन्हें उसी स्थान अथवा समुचित स्थान पर पुनर्वास की व्यवस्था कर आवास उपलब्ध कराया जाए, प्रत्येक प्रभावित परिवार को ₹25 लाख का मुआवजा दिया जाए तथा इस कार्रवाई के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही पूरे मामले की जांच उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त अथवा वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए, ताकि दोषियों की जवाबदेही तय हो सके।

अंत में धीरज बाकलीवाल ने कहा कि “गरीबों की आह कभी व्यर्थ नहीं जाती। जिन परिवारों के आशियाने उजाड़े गए हैं, उन्हें न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी और किसी भी कीमत पर उनके अधिकारों की लड़ाई नहीं छोड़ेगी।


Related News

वर्षा ऋतु में सर्पदंश से सतर्क रहें: स्वास्थ्य विभाग बेमेतरा की अपील, झाड़-फूंक नहीं, अस्पताल पहुंचें – समय पर इलाज से बचती है जान

वर्षा ऋतु में सर्पदंश से सतर्क रहें: स्वास्थ्य विभाग बेमेतरा की अपील,…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   बेमेतरा। स्वास्थ्य विभाग जिला बेमेतरा ,वर्षा ऋतु के आगमन के साथ सर्पदंश की…
नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और बढ़ती बेरोजगारी पर कांग्रेस का हमला, देश के युवाओं के सपनों से खिलवाड़ बंद करे केंद्र सरकार

नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और बढ़ती बेरोजगारी पर कांग्रेस का हमला,…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल…
नकटी गांव में गरीबों के आशियाने उजाड़ने के विरोध में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं धारसिवा विधायक अनुज शर्मा का पुतला दहन, राज्यपाल के नाम सौंपा गया ज्ञापन

नकटी गांव में गरीबों के आशियाने उजाड़ने के विरोध में मुख्यमंत्री विष्णुदेव…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज दुर्ग। रायपुर जिले के धरसीवा विकासखंड अंतर्गत ग्राम नकटी में अतिक्रमण हटाने के नाम…