- July 10, 2026
ईडी की कार्यवाही के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जलाया पुतला, भाजपा की दमनकारी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आज जिला कांग्रेस कमेटी, दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर एवं दुर्ग शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में पटेल चौक, दुर्ग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन कर केंद्र एवं राज्य सरकार की दमनकारी नीतियों, केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग तथा कांग्रेस नेताओं के विरुद्ध की जा रही राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसजनों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोकतंत्र, संविधान एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा का संकल्प दोहराया।
पुतला दहन के दौरान पुलिस द्वारा कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया गया, जिसके चलते कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पुलिस के बीच हल्की झूमा-झटकी की स्थिति भी निर्मित हुई। वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं एवं पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
कांग्रेस के दुर्ग ग्रामीण जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों का निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से कार्य करना लोकतंत्र की आवश्यकता है, लेकिन जिस प्रकार विपक्ष के नेताओं और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, उससे एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। भाजपा सरकार ने ईडी जैसी एजेंसियों को राजनीतिक हथियार बनाकर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास किया है।
जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को केंद्र सरकार का “तोता” बताते हुए कहा कि, आज ईडी एक निष्पक्ष जांच एजेंसी के बजाय केंद्र सरकार के इशारों पर काम करने वाली संस्था बनती जा रही है। भाजपा अपने राजनीतिक विरोधियों को डराने, बदनाम करने और लोकतांत्रिक आवाज को दबाने के लिए ईडी का दुरुपयोग कर रही है। जब भी भाजपा किसी राज्य में राजनीतिक रूप से कमजोर पड़ती है या विपक्ष मजबूत होता है, तब ईडी को आगे कर दिया जाता है। कांग्रेस पार्टी इस तरह की प्रतिशोध की राजनीति से डरने वाली नहीं है और संविधान तथा लोकतंत्र की रक्षा के लिए अंतिम सांस तक संघर्ष करती रहेगी।
दुर्ग शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री धीरज बाकलीवाल ने कहा कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष को डराने और प्रताड़ित करने की राजनीति की जा रही है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को दबाने के हर प्रयास का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी। लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।”
प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि केंद्र एवं राज्य सरकार विपक्ष की आवाज दबाने और जांच एजेंसियों का राजनीतिक उपयोग करने से बाज नहीं आती है, तो कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में जनआंदोलन को और अधिक तेज करेगी।
इस दौरान कोषाध्यक्ष विक्रांत अग्रवाल, हरीश ठाकुर, किसान कांग्रेस अध्यक्ष पुकेश चंद्राकर, महामंत्री राम सूर्यवंशी, संगीत डोरी, राजेश मानिकपुरी, संतोष बाफना, कमलेश साहू, श्रीकांत वर्मा, प्रकाश ठाकुर, सरोजनी चंद्राकर, सुनीता चन्नेवर, महेंद्र निषाद, अभिषेक जांगड़े, मोहित वालदे, गोपाल यादव, रामप्यारी वर्मा, गज्जू साहू, ओमकार निर्मलकर, जयप्रकाश साहू, अभिनव बघेल, सचिन पाटने,सुनीत घोष नशीर खोखर , मुकेश साहू, कौशल किशोर सिंह, आनंद ताम्रकार, प्रेमलता साहू, पोषण साहू, नासिर खोखर, मुकेश साहू, रतन नरमदेव, गुरदीप भाटिया, एजाज खान, संजू धनकर, आयुष शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।




