- July 22, 2026
विधायक दीपेश साहू ने ई-रिक्शा कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। नगर पालिका परिषद बेमेतरा द्वारा बुधवार को गांधी भवन स्थित बेसिक स्कूल मैदान में नवनियुक्त एल्डरमैनों के शपथ ग्रहण समारोह, विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण तथा स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से ई-रिक्शा आधारित कचरा संग्रहण वाहनों के शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद बेमेतरा के अध्यक्ष विजय सिन्हा ने की, जबकि रजक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, नगर पालिका के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।
*नवनियुक्त एल्डरमैनों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ*
समारोह में राकेश मोहन शर्मा, सावित्री रजक, तारण सिंह राजपूत एवं कमलेश वर्मा ने एल्डरमैन के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। एसडीएम प्रकाश भारद्वाज ने सभी नवनियुक्त एल्डरमैनों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद विधायक दीपेश साहू एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
*जनता की सेवा और वार्डों के विकास को दें सर्वोच्च प्राथमिकता : दीपेश साहू*
विधायक दीपेश साहू ने कहा कि एल्डरमैन का दायित्व केवल एक पद नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और सेवा की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सभी एल्डरमैन अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके निराकरण के लिए समर्पित भाव से कार्य करें। उन्होंने कहा कि नगर का समग्र विकास जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका प्रशासन और नागरिकों के सामूहिक प्रयास से ही संभव है। सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण शहर के सुनियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास एवं सुशासन को प्राथमिकता दी जा रही है तथा बेमेतरा सहित पूरे विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी पार्षदों एवं एल्डरमैनों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुविधायुक्त बनाने का आह्वान किया।
*ई-रिक्शा आधारित कचरा संग्रहण से मजबूत होगी स्वच्छता व्यवस्था*
कार्यक्रम के दौरान नगर की स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 8 ई-रिक्शा आधारित कचरा संग्रहण वाहनों को विधायक दीपेश साहू एवं जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि स्वच्छ शहर के निर्माण में नागरिकों की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। ई-रिक्शा के माध्यम से घर-घर कचरा संग्रहण किया जाएगा, जिससे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी। उन्होंने नागरिकों से गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा निर्धारित वाहनों में ही कचरा देने की अपील की।
*₹3 करोड़ 23 लाख 57 हजार के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण*
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद बेमेतरा के अंतर्गत विभिन्न वार्डों एवं प्रमुख चौक-चौराहों में लगभग ₹3 करोड़ 23 लाख 57 हजार की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। इनमें चबूतरा निर्माण, वाचनालय का जीर्णोद्धार, प्रकाश व्यवस्था, विभिन्न चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण, बस स्टैंड के पीछे गार्डन का विकास, एसएलआरएम/एमआरएफ प्लांट निर्माण, आंगनबाड़ी भवन निर्माण, हाईमास्ट लाइट स्थापना तथा ई-रिक्शा क्रय जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
*नगर के विकास के लिए सभी मिलकर करेंगे कार्य : विजय सिन्हा*
नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि नगर पालिका परिषद शहर के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नवनियुक्त एल्डरमैनों के जुड़ने से परिषद और अधिक मजबूत होगी तथा सभी जनप्रतिनिधि मिलकर वार्डों की समस्याओं के समाधान एवं शहर के समग्र विकास के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा आधारित कचरा संग्रहण व्यवस्था से सफाई व्यवस्था में सकारात्मक सुधार आएगा तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, होरिलाल सिन्हा, शहर मंडल अध्यक्ष युगल देवांगन, पार्षद पंचू साहू, नीतू कोठारी, गौरव साहू, आकिब मलकानी, राजकुमार खांडे, रवि मुलवानी, पार्षद प्रतिनिधि रोशन दत्ता, प्रज्ञा निर्वाणी, मीनू पटेल, पिंकी नेमा गुप्ता, संदीप यादव, दोहाई लाल वर्मा, राजेश शर्मा, लच्छन वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमार तिवारी, 94255 64553, 6265 741003,




