• July 28, 2026

बेमेतरा में समर्थ गुरु–2026 का आयोजन, 450 से अधिक शिक्षकों ने लिया आधुनिक एवं दक्षता आधारित शिक्षण का प्रशिक्षण

बेमेतरा में समर्थ गुरु–2026 का आयोजन, 450 से अधिक शिक्षकों ने लिया आधुनिक एवं दक्षता आधारित शिक्षण का प्रशिक्षण

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज

 

बेमेतरा। प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन, जिला बेमेतरा एवं समाधान महाविद्यालय, बेमेतरा के संयुक्त तत्वावधान में एकेडमिक वर्ल्ड स्कूल, बेमेतरा में लगातार पाँचवें वर्ष आयोजित “समर्थ गुरु–सशक्त शिक्षकों का निर्माण” एकदिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला एवं “प्रतिभा सम्मान समारोह–2026” का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिलेभर के 450 से अधिक शिक्षक, शिक्षाविद्, विद्यालय संचालक, प्राचार्य, विद्यार्थी एवं पालकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे आयोजन का उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक, नवाचारी एवं दक्षता आधारित शिक्षण पद्धतियों से जोड़ना तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सम्मानित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं अतिथियों के सम्मान के साथ हुआ। स्वागत उद्बोधन में एकेडमिक वर्ल्ड स्कूल के प्राचार्य श्री गिरीश कुमार ने हेड, हैंड एवं हार्ट की अवधारणा पर आधारित समग्र एवं विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण विद्यालय निर्माण की आधारशिला बताया। समाधान महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ. अवधेश पटेल ने स्मरण शक्ति, एकाग्रता एवं प्रभावी अधिगम की वैज्ञानिक तथा व्यवहारिक तकनीकों का प्रदर्शन करते हुए कहा कि शिक्षक यदि स्वयं सीखने की कला में दक्ष होंगे तो विद्यार्थियों में भी सीखने की जिज्ञासा, आत्मविश्वास एवं बेहतर अधिगम परिणाम विकसित होंगे।

मुख्य अतिथि बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि बेमेतरा उत्कृष्ट शिक्षा एवं समर्पित शिक्षकों के कारण प्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि बदलते समय में शिक्षकों का सतत प्रशिक्षण, नई तकनीकों का समावेश और दक्षता आधारित शिक्षण ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की वास्तविक आधारशिला है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों की क्षमता वृद्धि के साथ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग भी प्रशस्त करते हैं।

प्रथम सत्र में मुनि इंटरनेशनल स्कूल, दिल्ली के संस्थापक एवं अध्यक्ष श्री अशोक ठाकुर ने अनुशासन, आत्मसंयम, कृतज्ञता एवं संकल्प को सफलता की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए विद्यार्थियों में श्रेष्ठ व्यक्तित्व निर्माण के लिए छह जीवनोपयोगी आदतों के विकास पर बल दिया। उन्होंने बडी सिस्टम, पियर लर्निंग एवं ग्रुप रिसिप्रोकल लर्निंग जैसे नवाचारी शिक्षण मॉडल प्रस्तुत करते हुए बताया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल विषय ज्ञान देना नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और सहयोगात्मक सीखने की संस्कृति विकसित करना भी है।

फाजिल लर्निंग एंड इनोवेशन संस्थान के संस्थापक श्री सैय्यद फाजिल ने “ह्यूमन सॉफ्टवेयर” विषय पर प्रभावी शिक्षण, एकाग्रता तथा विद्यार्थी सफलता के व्यावहारिक सूत्र साझा किए। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक का सकारात्मक, ऊर्जावान एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्व ही विद्यार्थियों के सीखने की सबसे बड़ी प्रेरणा बनता है। वहीं कृष्णा पब्लिक स्कूल समूह के कार्यकारी निदेशक श्री आशुतोष त्रिपाठी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020, राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा–2023 तथा दक्षता आधारित शिक्षा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि आज शिक्षा का लक्ष्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में कौशल, तार्किक चिंतन, समस्या-समाधान क्षमता एवं अनुभवात्मक अधिगम का विकास करना है।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल ने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण का वास्तविक शिल्पकार बताते हुए उनके योगदान की सराहना की, जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश कुमार यादव ने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को निरंतर सीखते रहने, अनुशासन अपनाने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम में एकेडमिक वर्ल्ड स्कूल के सीईओ श्री विनीत राजोरिया सहित जिले के अनेक विद्यालयों के संचालक, प्राचार्य एवं शिक्षाविदों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

द्वितीय सत्र में आयोजित “प्रतिभा सम्मान समारोह–2026” के अंतर्गत सीबीएसई एवं सीजी बोर्ड की कक्षा 8वीं, 10वीं एवं 12वीं के जिला टॉप–10 विद्यार्थियों, शासकीय एवं निजी विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं, निजी विद्यालयों में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा समाधान महाविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं समाधान महाविद्यालय के लगभग 50 उत्कृष्ट शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान, नवाचार, समर्पण एवं उत्कृष्ट शैक्षणिक सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। अतिथियों का भी शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन हरीश कुमार पटेल एवं श्रीयता तिवारी ने किया तथा आभार प्रदर्शन जीनियस पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर श्री योगेश बागरेचा ने किया। यह आयोजन शिक्षक प्रशिक्षण, नवाचार, दक्षता आधारित शिक्षा तथा प्रतिभा सम्मान का प्रभावी संगम बनकर उभरा और बेमेतरा जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति नई ऊर्जा, नई प्रेरणा एवं नए संकल्प का संदेश देकर संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में जिले के निजी विद्यालयों के संचालक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से श्री मालिक राम वर्मा, श्री कृष्ण कुमार सोनी, श्री गोपी राम साहू, श्री गिरिजा शंकर साहू, श्री प्रमोद साहू, श्री रामकुमार भारती, वसीम खान, वीरेंद्र जायसवाल, दिलहरण साहू, श्री चन्द्रकुमार साहू, श्री जितेंद्र मिश्रा, श्री विनय वर्मा, , श्री फूलचंद निषाद, श्री अमित सिंह, श्रीमती पूर्णिमा ठाकुर, श्री प्रदीप कुमार यदु, श्री प्रह्लाद सिंह वर्मा, श्री अंकित , श्री रामशरण यादव, श्री विवेक तिवारी, श्री गज पाल सिंह खुराना, श्री रेवाराम पाल, श्री योगेश बागरेचा, नसरीन खान, श्री नागेन्द्र निर्मल, श्री संजय कुमार जांगड़े, श्री आनंद गायकवाड़, , श्री बीरेन्द्र देवांगन, श्रीमती रिभा चौधरी, श्री जागेश्वर साहू, श्रीमती शशिकला श्रीवास्तव, श्री त्रियोगी नारायण श्रीवास्तव, श्री सुरेश कुमार महिलांग, श्रीमती योगेश्वरी अहिलेश्वर, श्री ललित जैन, श्रीमती सरिता तिवारी, श्री विरेंद्र जायसवाल, श्री दिव्यम प्रसाद शुक्ला, श्री राजेश धर दीवान, श्री तिलक राजपूत, श्री चंद्रशेखर राजपूत, श्री दीपक साहू, श्री धनराज सिंह चौहान तथा श्री मनीराम टंडन आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे।

ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा, योगेश कुमार तिवारी, 94255 64553, 6265 741003,


Related News

कंपनी द्वारा टावर लगाने के विरोध में वार्ड नंबर 8 के वार्ड वासियों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से की शिकायत

कंपनी द्वारा टावर लगाने के विरोध में वार्ड नंबर 8 के वार्ड…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज कंपनी द्वारा टावर लगाने के विरोध में वार्ड नंबर 8 के वार्ड वासियों ने…
मक्के का घटिया बीज थमाया, फसल हुई बर्बाद तो किसान पहुंचे कलेक्टोरेट

मक्के का घटिया बीज थमाया, फसल हुई बर्बाद तो किसान पहुंचे कलेक्टोरेट

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज सुधीर कुमार ठाकुर, शिवकुमार ठाकुर निवासी ग्राम बैजलपुर ने जिला कलेक्टर से शिकायत की:…
राष्ट्रभक्त सनातनियों और बजरंग दल के सैकड़ों लोगों ने गौ माता के सम्मान में विशाल रैली निकाली, कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन

राष्ट्रभक्त सनातनियों और बजरंग दल के सैकड़ों लोगों ने गौ माता के…

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज   राष्ट्रभक्त सनातनियों और बजरंग दल के सैकड़ों लोगों ने गौ माता के सम्मान…