- July 29, 2026
साई मंदिर में गुरु पूर्णिमा पर्व पर दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु, भजनों की धुन में नाच गाकर प्रकट की अपनी श्रद्धा भक्ति

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। सिविल लाइन कसारीडीह स्थित प्रसिद्ध श्री साई बाबा मंदिर में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर सुबह से ही श्री साई बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। पूरे दिन मंदिर परिसर साई नाम के जयघोष और भक्ति रस से सराबोर रहा।
मंदिर के मुख्य पुजारी कैलाशचंद्र तिवारी के सानिध्य में प्रातःकाल श्री साई बाबा का विधिवत महाभिषेक संपन्न हुआ। इसके पश्चात आरती, हवन-पूजन एवं विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धालुओं को महाप्रसादी वितरित की गई।
दोपहर से देर रात तक मंदिर में साई भजनों की मधुर स्वर लहरियां गूंजती रहीं। दोपहर में साई महिला भजन मंडली, कसारीडीह ने अपनी संगीतमय भजन प्रस्तुति से भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। वहीं शाम की आरती के बाद आयोजित भव्य साई भजन संध्या में गायक कलाकारों ने एक से बढ़कर एक साई भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भक्ति की इस अनुपम बेला में अनेक श्रद्धालु भजनों की धुन पर झूम उठे और नृत्य-गायन के माध्यम से अपनी अटूट श्रद्धा एवं भक्ति का भाव प्रकट किया।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी श्री साई बाबा के दर्शन कर प्रदेश एवं शहर की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर समिति के अध्यक्ष धनेंद्र सिंह चंदेल, सचिव धीरेंद्र शर्मा, कोषाध्यक्ष रामेन्द्र बंजारी, उपाध्यक्ष मुरलीधर राऊत, सह-सचिव संतोष खिरोडकर, प्रचार मंत्री अजय सुरपाम, कार्यकारिणी सदस्य रोमनाथ साहू , विनय चंद्राकर, विशेष आमंत्रित सदस्य दशरथ साहू, कार्यालय प्रभारी श्रीधर भजने सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य श्रद्धालुओं की सुविधा एवं व्यवस्थाओं में पूरे समय सक्रिय रहे।




