- August 2, 2026
बिजली बिल वृद्धि के विरोध में कांग्रेस का दो माह का आंदोलन शुरू, 3 अगस्त को दुर्ग बिजली ऑफिस का घेराव

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। छत्तीसगढ़ में बिजली बिलों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार से दो माह लंबे जनआंदोलन की शुरुआत कर दी है। आंदोलन के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर बिजली उपभोक्ताओं से संपर्क करेंगे तथा स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाने की मांग को लेकर फॉर्म भरवाएंगे। आंदोलन के तहत 3 अगस्त को दुर्ग स्थित बिजली ऑफिस का घेराव किया जाएगा। राजीव भवन दुर्ग में आयोजित संयुक्त पत्रकारवार्ता में दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश ठाकुर और दुर्ग जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने आंदोलन की रूपरेखा की जानकारी दी। दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने बताया कि अभियान के दौरान उपभोक्ताओं से निर्धारित प्रपत्र भरवाए जाएंगे। आंदोलन के अंतिम चरण में इन प्रपत्रों को जिला कलेक्टर को सौंपते हुए कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उन्होने आरोप लगाया कि प्रदेश में पर्याप्त बिजली उत्पादन होने के बावजूद उपभोक्ताओं को अत्यधिक बिजली बिल मिल रहे हैं, जिसका प्रमुख कारण स्मार्ट मीटर हैं। उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल पहले की तुलना में कई गुना बढ़ गए हैं, जिससे आम जनता आर्थिक रूप से प्रभावित हो रही है।
जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने राज्य सरकार से बिजली दरों में कमी करने, स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर पुन: लगाने तथा पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार के समय संचालित 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को फिर से लागू करने की मांग की। राकेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बिजली वितरण व्यवस्था के निजीकरण की दिशा में काम कर रही है और इसी उद्देश्य से स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बिजली कंपनी में नई नियुक्तियां नहीं की जा रही हैं तथा सौर ऊर्जा योजनाओं के नाम पर आम उपभोक्ताओं को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है। वहीं, दुर्ग जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरप्लस बिजली उत्पादक राज्य होने के बावजूद उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि बिजली बिलों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों के विरोध में कांग्रेस आगामी दो माह तक चरणबद्ध आंदोलन चलाकर जनता की आवाज बुलंद करेगी। इस दौरान दुर्ग प्रभारी महामंत्री रायसिंह ढिकोला, मध्य ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अलताफ अहमद, ब्लॉक अध्यक्ष आनंद कपूर ताम्रकार, नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले, प्रवक्ता नासिर खोखर, मीडिया प्रभारी पालेश्वर ठाकुर, पार्षद मनीष बघेल, इंटक शहर अध्यक्ष प्रकाश शिवणकर, कांग्रेस नेता राजू भाटिया, सुमीत घोष, मोहित वाल्दे, संजय सिंह, पोषण साहू सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
—




