- August 11, 2026
ग्राम थनौद में मिनीमाता जी की पुण्य स्मृति पर पुष्पांजलि अर्पित कर समाज के नारी शक्ति को सम्मानित किया गया

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। ग्राम थनौद में छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद एवं महान समाजसेविका परम् पूजनीय मिनीमाता जी की पुण्य स्मृति में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अनुसूचित जाति प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाडा जी और दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर जी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाडा व दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने व उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने मिनीमाता जी की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना कर पुष्पांजलि अर्पित उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।और उनके द्वारा किए गए कार्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। इसके पश्चात समाज सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि अपने संबोधन में अनुसूचित जाति प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाडा जी ने कहा कि “मिनीमाता जी केवल सतनामी समाज की नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की प्रेरणा हैं। उन्होंने अपने जीवन से यह संदेश दिया कि सेवा और समर्पण से ही समाज में बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने महिलाओं को शिक्षा और आत्मसम्मान के लिए प्रेरित किया। आज जरूरत है कि हम उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में समानता और भाईचारे को मजबूत करें। हमारी सरकार बाबा गुरु घासीदास और मिनीमाता जी के विचारों को आगे बढ़ाते हुए समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए संकल्पबद्ध है।मिनीमाता जी का जीवन वंचितों के उत्थान और नारी शक्ति का प्रतीक है”आज हमें उनके बताए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है।इस सफल आयोजन के लिए आप सभी सामाजिक जानो हार्दिक शुभकामनाएं।
इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने अपने संबोधन में कहा कि “मिनीमाता जी का संपूर्ण जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पहुंचाने के लिए समर्पित था। वे छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद थीं जिन्होंने संसद में दलित, शोषित और महिलाओं की आवाज को बुलंद किया। बाबा गुरु घासीदास जी के ‘एक मानव, एक जाति, एक धर्म’ के संदेश को उन्होंने घर-घर तक पहुंचाया। मिनीमाता जी ने हमें सिखाया कि समाज तभी आगे बढ़ेगा जब हमारी माताएं-बहनें शिक्षित और सशक्त होंगी।”
उन्होंने आगे कहा “आज महिला सम्मान समारोह के माध्यम से हम उन्हीं के आदर्शों को आगे बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में हमारी सरकार माताओं-बहनों के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। महतारी वंदन योजना से लेकर महिला स्व-सहायता समूहों तक, हर क्षेत्र में नारी शक्ति को आगे बढ़ाया जा रहा है। मेरी सभी महिलाओं से अपील है कि आप शिक्षा लें, स्वावलंबी बनें और समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने में आगे आएं। यही मिनीमाता जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में सरपंच श्रीमती मेनका देशमुख, जिला पंचायत सभापति सुश्री प्रिया साहू, जिला पंचायत सभापति जितेन्द्र यादव, जनपद सदस्य संगीता साहू, पद्मश्री डॉ राधे श्याम बारले जी, सतनामी आश्रम कल्याण समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर बंजारे, कविता वासिनी, दिनेश देशमुख, उपसरपंच मनीष धृतलहरे, जेवरा सिरसा मंडल महामंत्री सुखनंदन देशमुख, अहिवारा मंडल अध्यक्ष रामजी निर्मलकर सहित समाज के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।




