- August 19, 2026
खाद की किल्लत को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, सहकारी समितियों के दौरे के दौरान किसानों से की चर्चा

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार किसानों को खाद की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की जमीनी स्थिति का जायजा लेने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने आज अहिवारा विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न सेवा सहकारी समितियों का दौरा किया। उन्होंने कुम्हारी, गोढ़ी, ओटेबंद, अहिवारा एवं अहेरी स्थित सेवा सहकारी समितियों में पहुंचकर खाद की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था एवं किसानों को हो रही परेशानियों की जानकारी ली।
दौरे के दौरान राकेश ठाकुर ने समिति प्रबंधन एवं संबंधित कर्मचारियों से डीएपी, यूरिया सहित अन्य उर्वरकों की उपलब्धता, मांग के अनुरूप आपूर्ति तथा किसानों को खाद वितरण की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने किसानों से भी सीधे संवाद कर खेती-किसानी से जुड़ी उनकी समस्याओं को जाना।
किसानों ने बताई खाद की समस्या
समितियों के निरीक्षण के दौरान किसानों ने बताया कि खेती के महत्वपूर्ण समय में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने डीएपी एवं यूरिया की कमी, समितियों में खाद की सीमित उपलब्धता तथा समय पर खाद नहीं मिलने की समस्या कांग्रेस जिलाध्यक्ष के सामने रखी।
किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद राकेश ठाकुर ने कहा कि किसानों को अपनी फसल के लिए खाद लेने के लिए बार-बार सोसायटियों के चक्कर लगाना पड़ रहा है, यह बेहद चिंताजनक स्थिति है। खेती के महत्वपूर्ण समय में खाद की कमी सीधे किसानों की फसल और उनकी आय को प्रभावित कर सकती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को किसानों के हित में तत्काल प्रभावी कदम उठाते हुए सेवा सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में डीएपी, यूरिया एवं अन्य आवश्यक खाद उपलब्ध करानी चाहिए। किसानों को खाद के लिए निजी दुकानों पर निर्भर होने या अधिक कीमत पर खाद खरीदने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।
खाद की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की मांग
राकेश ठाकुर ने खाद की कालाबाजारी एवं निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद बेचे जाने की शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए प्रशासन से इसकी जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि किसानों को निर्धारित दर पर समय पर खाद उपलब्ध कराना सरकार और संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है। यदि कहीं खाद की जमाखोरी, कालाबाजारी या किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने की शिकायत सामने आती है, तो प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
कोरोना काल में भी किसानों को खाद की कमी नहीं होने दी : राकेश ठाकुर
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि “कोरोना जैसी विषम परिस्थितियों में भी भूपेश बघेल सरकार ने किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और खाद की उपलब्धता को लेकर किसानों को परेशान नहीं होने दिया।”
उन्होंने कहा कि उस समय पूरा देश गंभीर संकट से गुजर रहा था, इसके बावजूद छत्तीसगढ़ में किसानों की खेती प्रभावित न हो, इसके लिए आवश्यक कृषि सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया। आज जब सामान्य परिस्थितियां हैं, तब किसानों को खाद के लिए परेशान होना पड़ रहा है, यह भाजपा सरकार की कृषि व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
राकेश ठाकुर ने कहा कि सरकार को केवल किसान हितैषी होने के दावे करने के बजाय जमीनी स्तर पर किसानों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। किसानों को समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार कांग्रेस संगठन लगातार किसानों से संवाद कर खाद की वास्तविक स्थिति की जानकारी ले रहा है। जहां भी किसानों को खाद की कमी या वितरण में अनियमितता की शिकायत मिल रही है, उसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाई जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि “सरकार तत्काल सेवा सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराए, किसानों को राहत दे और खाद की कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाए। किसानों को खाद के लिए परेशान किया गया तो कांग्रेस पार्टी उनकी आवाज मजबूती से उठाएगी।”
इस दौरान हीरा वर्मा, प्रमोद राजपूत, प्रकाश ठाकुर, उमेश साहू, मनहरण यादव, राजेश्वर सोनकर, कमलेश साहू, कैलाश नाहटा, नागमणि साहू, ऊषा सोनवानी, पुष्कर चंद्राकर, हिमांशु शर्मा, अभिषेक जांगड़े, जय साहू, ओनी महिलांग, सुमित नारंग, भूपेंद्र साहू, जसवन गायकवाड़, रोहित यादव, धरम बर्रे, जगदीश मार्कण्डेय, उमेश बंजारे, हेमन्त साहू, राजा पाल, अमित ठाकुर, भागवत बंजारे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।




