- September 3, 2026
श्री साई बाबा मंदिर में 4 सितंबर को धूमधाम से मनेगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। कसारीडीह सिविल लाइन स्थित श्री साई बाबा मंदिर में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से ओतप्रोत विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। भगवान श्रीकृष्ण पर आधारित भजनों की प्रस्तुति तथा मध्यरात्रि में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
जन्माष्टमी पर्व को लेकर श्री साई बाबा मंदिर में विशेष साज-सज्जा की गई है। मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का वातावरण बना हुआ है।
मंदिर समिति के अध्यक्ष धनेन्द्र कांत चंदेल एवं सचिव धीरेन्द्र शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर में सुबह से देर रात्रि तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दोपहर 3.30 बजे महिला मंडली द्वारा मानस गान की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके पश्चात रात्रि 8 बजे साई सत्संग भजन मंडली द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की महिमा पर आधारित भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम एवं धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। जन्मोत्सव के पश्चात भगवान श्रीकृष्ण की महाआरती होगी और इसके उपरांत श्रद्धालुओं को महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा।
मंदिर समिति के अध्यक्ष धनेन्द्र कांत चंदेल एवं सचिव धीरेन्द्र शर्मा ने श्रद्धालुओं से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के सभी धार्मिक आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।




