- September 17, 2026
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दीप जलाने के बजाय गरीबों की जिंदगी में रोशनी लाने का संदेश दें : आरएन वर्मा

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर दुर्ग आर. एन. वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशवासियों से दीप जलाने के आह्वान को लेकर सवाल उठाते हुए कहा है कि देश की जनता आज बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक असमानता जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। ऐसे समय में प्रतीकात्मक आयोजनों के बजाय सरकार को जनता की वास्तविक समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।
आर. एन. वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यदि अपने जन्मदिन के माध्यम से देशवासियों को कोई संदेश देना चाहते हैं, तो वह संदेश गरीबों की सेवा, जरूरतमंदों की मदद, बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार और पर्यावरण संरक्षण का होना चाहिए। केवल दीप जलाने का आह्वान करने से उन परिवारों की समस्याएं दूर नहीं होंगी, जिनके घरों का बजट महंगाई ने बिगाड़ दिया है।
उन्होंने कहा कि देश का युवा रोजगार की तलाश में भटक रहा है। महंगाई के कारण आम आदमी के लिए रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना कठिन होता जा रहा है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, बिजली और खाद्य सामग्री की बढ़ती कीमतों का सीधा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। ऐसे में सरकार को वास्तविक राहत और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
आर. एन. वर्मा ने प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार के मंत्रियों की लगातार होने वाली विदेश यात्राओं को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय संबंध और कूटनीतिक यात्राएं सरकार के कामकाज का हिस्सा हो सकती हैं, लेकिन जब देश का आम नागरिक महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक दबाव से परेशान हो, तब सरकार की प्राथमिकताएं जनता के सामने स्पष्ट होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि एक ओर आम आदमी अपने बच्चों की पढ़ाई, घर के खर्च और रोजगार की चिंता में परेशान है, वहीं दूसरी ओर सरकार बड़े-बड़े आयोजनों और राजनीतिक प्रचार को प्राथमिकता देती दिखाई देती है। जनता को अब प्रतीकात्मक नारों और आयोजनों से अधिक रोजगार, सस्ती आवश्यक वस्तुएं, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता है।
पूर्व महापौर आर. एन. वर्मा ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री वास्तव में देशवासियों को सकारात्मक संदेश देना चाहते हैं, तो अपने जन्मदिन पर गरीब बस्तियों में जाकर जरूरतमंदों की सेवा करें, युवाओं के लिए रोजगार अभियान शुरू करें और देशभर में पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाएं।
उन्होंने कहा कि देश को केवल रोशनी की तस्वीरें नहीं, बल्कि गरीबों के घरों में वास्तविक खुशहाली की रोशनी चाहिए। प्रधानमंत्री के जन्मदिन का अवसर तभी सार्थक होगा, जब इसका संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और सरकार जनता की मूल समस्याओं के समाधान के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाए।




