- September 21, 2026
किसान होलूराम की जिंदगी में आया बदलाव: सरसों का मिला उचित दाम, चेहरे पर लौटी मुस्कान

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। सेवा संकल्प अभियान के तहत किसानों की आय दोगुनी करने और उन्हें उपज का सही मूल्य दिलाने के उद्देश्य से चलाई जा रही ‘प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान’ (PM-AASHA) योजना बेमेतरा जिले के किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से जिले के विकासखंड बेमेतरा अंतर्गत ग्राम खिलोरा के निवासी कृषक श्री होलूराम साहू (पिता श्री बजरंग साहू) को उनकी सरसों की फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) मिलने से उन्हें आर्थिक संबल प्राप्त हुआ है और उनके चेहरे पर एक नई मुस्कान लौट आई है।
*बाजार के उतार-चढ़ाव से मिली मुक्ति*
कृषक होलूराम साहू पिछले कई वर्षों से खेती कर रहे हैं और रबी के मौसम में मुख्य रूप से सरसों की फसल लेते हैं। पूर्व में उन्हें बाजार में सरसों के दामों में होने वाले उतार-चढ़ाव का खामियाजा भुगतना पड़ता था। मजबूरी में उन्हें अपनी उपज कम कीमत पर बिचौलियों को बेचनी पड़ती थी, जिससे कई बार खेती की लागत निकालना भी मुश्किल हो जाता था और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था।
*विभागीय मार्गदर्शन और 80 हजार रुपये का सीधा भुगतान*
कृषि विभाग, बेमेतरा के मैदानी अमले द्वारा गांव में चलाए गए जागरूकता अभियान के दौरान होलूराम को PM-AASHA योजना की जानकारी मिली। अधिकारियों के मार्गदर्शन में उन्होंने अपनी फसल का पंजीयन कराया। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार, उपार्जन केंद्र पर उनकी 12.90 क्विंटल सरसों की खरीदी की गई। शासन द्वारा निर्धारित 6200 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की दर से उन्हें कुल 80,000 रुपये का भुगतान सीधे उनके बैंक खाते (Direct Benefit Transfer) में किया गया।
*खेती के प्रति बढ़ा विश्वास*
समर्थन मूल्य पर सरसों की खरीदी होने से होलूराम को अब बाजार भाव के गिरने की चिंता से पूरी तरह राहत मिल गई है। उपज की गांरटीशुदा कीमत मिलने से उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इस सफलता ने न केवल उनके परिवार को आर्थिक सुरक्षा दी है, बल्कि आधुनिक और लाभकारी खेती के प्रति उनका विश्वास भी मजबूत किया है।
*हितग्राही ने जताया शासन का आभार*
अपनी खुशी जाहिर करते हुए कृषक श्री होलूराम साहू कहते हैं, पहले सरसों बेचने के लिए बाजार में दर-दर भटकना पड़ता था और सही दाम भी नहीं मिलता था। कृषि विभाग की मदद से PM-AASHA योजना के तहत मेरी 12.90 क्विंटल सरसों 6200 रुपये क्विंटल की दर से बिकी और मुझे 80 हजार रुपये मिले। अब खेती में सही मायने में फायदा दिख रहा है। मैं इस योजना के लिए शासन-प्रशासन का हृदय से आभारी हूँ।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा,योगेश कुमार तिवारी, 9425564553,6265741003,




