- September 21, 2026
सुरक्षा देने वाले ही असुरक्षित, मोहन नगर थाना बदहाल: अरुण वोरा

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा और पूर्व महापौर आरएन वर्मा ने रविवार को मोहन नगर थाना भवन का निरीक्षण कर उसकी जर्जर और बदहाल स्थिति पर गंभीर नाराजगी जताई। *निरीक्षण के दौरान थाना भवन के कार्यालय और कैदी कक्ष सहित कई हिस्सों में पानी भरने तथा छत से पानी टपकने की स्थिति सामने आई।* भवन की हालत देखकर वोरा ने कहा कि जो पुलिसकर्मी दिन-रात शहरवासियों की सुरक्षा में तैनात रहते हैं, आज वही खुद असुरक्षित और जर्जर भवन में काम करने को मजबूर हैं।
अरुण वोरा ने कहा कि *मोहन नगर थाना भवन के संधारण और मरम्मत के लिए ₹64 लाख की राशि स्वीकृत होने की जानकारी सामने आई है।* इसके बावजूद यदि मौके पर मरम्मत और संधारण का काम दिखाई नहीं दे रहा है, तो यह गंभीर लापरवाही का विषय है। उन्होंने प्रशासन से सवाल किया कि आखिर स्वीकृत राशि का उपयोग कब और किस कार्य में किया गया? यदि राशि उपलब्ध है तो काम शुरू करने में देरी क्यों की जा रही है?
उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान *थाना भवन में पानी भरना और छत से पानी टपकना कोई सामान्य स्थिति नहीं है।* यह पुलिसकर्मियों के साथ-साथ थाना पहुंचने वाले आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधाओं से भी जुड़ा गंभीर विषय है। प्रशासन को कागजों में कार्रवाई दिखाने के बजाय मौके पर काम दिखाई देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रशासन तत्काल मोहन नगर थाना भवन का तकनीकी निरीक्षण कराकर आवश्यक मरम्मत और संधारण कार्य शुरू करे। अब सिर्फ आश्वासन या कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि जमीन पर काम दिखाई देना चाहिए। शहर की कानून-व्यवस्था संभालने वाले पुलिसकर्मियों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक कार्यस्थल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।




