- September 23, 2026
लकवा पॉइंट पर गंदगी से मॉर्निंग वॉक करने वाले लोग परेशान, शराब की खाली बोतलें, डिस्पोजल गिलास और खाने-पीने का कचरा बना परेशानी का कारण

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग । सिविल लाइन स्थित दादा-दादी, नानी-नाना पार्क के सामने मुस्कान सियान सदन और लकवा पॉइंट में गंदगी से मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह यहां पहुंचने वाले लोगों को शराब की खाली बोतलें, डिस्पोजल गिलास तथा खाने-पीने की सामग्री के पैकेट और अन्य कचरा बिखरा हुआ दिखाई देता है। इससे लोगों में यह आशंका है कि रात के समय यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता है।
मॉर्निंग वॉक के लिए पहुंचने वाले नागरिकों का कहना है कि कचरे के कारण यहां बैठना तो दूर, कई स्थानों पर चलना भी मुश्किल हो जाता है। पार्क और आसपास का यह क्षेत्र सुबह स्वास्थ्य लाभ के लिए आने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन नियमित सफाई के अभाव में इसकी स्थिति चिंताजनक होती जा रही है।
विशेष बात यह है कि यह लकवा पॉइंट एसपी बंगला के ठीक सामने स्थित है। इसके बावजूद रात के समय यहां होने वाली कथित अड्डेबाजी और शराबखोरी पर प्रभावी निगरानी नहीं होने से नागरिकों में नाराजगी है। जिला पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी और अड्डेबाजी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है, ऐसे में मार्निंग वाक में पहुंचने वाले नागरिकों ने इस क्षेत्र में भी रात्रिकालीन पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है।
उनका कहना है कि नगर निगम को दादा-दादी, नाना-नानी पार्क, लकवा पॉइंट और आसपास के क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ कचरा फैलाने वालों पर भी कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं पुलिस को रात के समय इस क्षेत्र में नियमित गश्त कर सार्वजनिक स्थान पर शराबखोरी और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की जरूरत है।
मार्निंग वाक में पहुंचने वाले नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि नगर निगम और पुलिस प्रशासन संयुक्त रूप से पहल कर दादा-दादी, नाना-नानी पार्क, लकवा पॉइंट और उसके आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाएंगे, ताकि सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए आने वाले लोगों को स्वस्थ वातावरण मिल सके।




