- September 27, 2026
सेवा संकल्प अभियान : मरोदा में मितानिनों का सम्मान कर विधायक ललित चंद्राकर ने कहा – स्वास्थ्य क्रांति की असली नायिका हैं मितानिन बहनें

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत आँगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन आज मरोदा तेलगुपारा में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की सेवा भावी मितानिन बहनों एवं आशा दीदीयों का सम्मान किया गया। गर्भवती महिलाओं को सुपोषण टोकरी प्रदान किया गया और छोटे छोटे बच्चों को पौष्टिक भोजन कराया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) माननीय ललित चंद्राकर जी थे।
इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने अपने उद्बोधन में कहा कि “भारतीय जनता पार्टी के लिए राजनीति सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय नरेन्द्र मोदी जी ने अपने जीवन का हर क्षण देश सेवा के लिए समर्पित किया है। उनके जन्मदिवस 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक हम सब *’सेवा संकल्प अभियान’* के रूप में मना रहे हैं।
इस अभियान का उद्देश्य ही है – अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुँचाना। सेवा पखवाड़ा के तहत पूरे प्रदेश में स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, जल संरक्षण, एक पेड़ माँ के नाम और हमारी मितानिन-आंगनवाड़ी बहनों का सम्मान जैसे कार्यक्रम किए जा रहे हैं आज का यह कार्यक्रम उसी कड़ी का हिस्सा है।
“मितानिन बहनें हमारे स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। जब कोरोना जैसी महामारी में पूरा देश घरों में बंद था, तब हमारी मितानिन बहनें अपनी जान की परवाह किए बिना घर-घर जाकर लोगों की सेवा कर रही थीं।
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी की सरकार में माताओं-बहनों के सम्मान और स्वास्थ्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। मितानिन बहनों ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य क्रांति लाने का काम किया है। गर्भवती माताओं की देखभालसे लेकर नवजात शिशुओं के टीकाकरण तक, आपका योगदान अतुलनीय है।
आप सिर्फ स्वास्थ्य सखी नहीं, बल्कि हर घर की विश्वासपात्र सदस्य हैं। सेवा ही संगठन है, और सेवा ही हमारा संकल्प है। हमारी सरकार मितानिनों के मानदेय, सम्मान और सुविधाओं को बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।”
*सम्मानित मितानिनें -*
इस अवसर पर उत्कृष्ट सेवा कार्य के लिए निम्न मितानिनों का श्रीफल, शाल एवं सम्मान पत्र देकर सम्मान किया गया –
श्रीमती टुम्पा पाली,श्रीमती सरस्वती ओली,श्रीमती मीरा यादव
श्रीमती कविता शर्मा,श्रीमती सुलेखा डाहमा, श्रीमती बिजामा।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से परियोजना अधिकारी डॉ. पदमजा सिन्हा, सुपरवाइजर शिल्पा श्रीवास्तव, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बिन्दु साहू, पूजा, मरोदा-पुरैना मंडल अध्यक्ष राजू राकेश जंघेल, पार्षद सरिता देवांगन, श्रीविधि यादव, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष शिखा तिवारी, सितारा देवी, पूर्णिमा गुप्ता, कनिका गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




