- September 28, 2026
कातुलबोर्ड,आंगन मिलन कार्यक्रम में सहायिकाओं एवं मितानिनों का सम्मान,पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का दिया संदेश

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। नगर पालिक निगम। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा परियोजना वार्ड क्रमांक 60 कातुलबोर्ड स्थित आंगनबाङी भवन में सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर अलका बाघमार रहे। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों के कार्यों की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया गया तथा बच्चों एवं गर्भवती माताओं के पोषण और स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया।
महापौर कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग की नींव आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिन हैं। इनके माध्यम से स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, पौष्टिक आहार, न्योता भोज एवं अन्य गतिविधियों के जरिए आंगनबाड़ी केंद्रों को सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि जब एक गर्भवती माता स्वस्थ होगी तो आने वाली पीढ़ी भी स्वस्थ होगी। उन्होंने कहा कि शासन के पोषण अभियान से जुड़कर मातृशक्ति को सम्मान दिया गया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिन बहनें घर-घर जाकर कुपोषण के खिलाफ लड़ाई लड़ रही हैं और स्वस्थ एवं विकसित भारत की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि सुपोषण’ के लिए मिलकर कार्य करें तथा बच्चों के लिए पौष्टिक आहार को प्राथमिकता दें।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती माताओं का गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं छह माह पूर्ण कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार एवं धात्री बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। कार्यक्रम में उपस्थित माताओं एवं बच्चों को पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक किया गया।
समारोह में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा तैयार विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। बच्चों के लिए खीर, पड़ी हलवा, केला, सलाद एवं लड्डू सहित पौष्टिक खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद नीरा खिचरिया,रंजीता पाटिल,लोकेश्वरी ठाकुर,महिला बाल विकास अधिकारी अनिता सिंह सहित कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका, मितानिन तथा बड़ी संख्या मे उपस्थित रहे।




