- October 1, 2026
इंदिरा मार्केट स्थित कुआं चौक का नामकरण होगा भगवान परशुराम चौक, मूर्ति स्थापना के लिए स्थान उपलब्ध कराने की घोषणा

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग सीमा क्षेत्र अंतर्गत इंदिरा मार्केट स्थित कुआं चौक का नामकरण भगवान परशुराम चौक किए जाने एवं भगवान परशुराम जी की मूर्ति स्थापना के लिए स्थान उपलब्ध कराने की घोषणा के बाद सकल ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधिमंडल ने आज नगर पालिक निगम की महापौर अलका बाघमार के कक्ष में पहुंचकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर निगम सभापति श्याम शर्मा भी उपस्थित रहे।
सकल ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने महापौर अलका बाघमार एवं सभापति श्याम शर्मा का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया तथा भगवान परशुराम जी के नाम पर चौक का नामकरण एवं मूर्ति स्थापना के लिए स्थान उपलब्ध कराने के निर्णय पर आभार व्यक्त किया।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि भगवान परशुराम जी के नाम से चौक का नामकरण एवं उनकी प्रतिमा की स्थापना समाज की आस्था, संस्कृति और गौरव से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम है। इससे समाज की भावनाओं को सम्मान मिला है। सकल ब्राह्मण समाज की ओर से महापौर एवं सभापति के प्रति हार्दिक आभार एवं अभिनंदन व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने कहा कि भगवान परशुराम जी भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। उनके नाम पर चौक का नामकरण और प्रतिमा स्थापना से जुड़ी समाज की भावना का सम्मान किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय केवल नामकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और आस्था के सम्मान का प्रतीक है। नगर निगम द्वारा जनभावनाओं और सामाजिक आस्था से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ लिया जा रहा है।
सभापति श्याम शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम जी के नाम पर चौक का नामकरण एवं मूर्ति स्थापना का निर्णय सकल ब्राह्मण समाज की भावनाओं से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि समाज की लंबे समय से चली आ रही भावना को सम्मान देते हुए यह पहल की गई है। भगवान परशुराम जी के आदर्श और उनके जीवन से समाज को सदैव प्रेरणा मिलती रही है।
इस अवसर पर लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, मनमोहन शर्मा,अजय तिवारी,अजय शर्मा, राजेंद्र शर्मा,नंदकिशोर शर्मा कैलाश पंडा,अभिषेक अवस्थी,मयंक शर्मा,प्रशांत शास्त्री, शिवाकांत तिवारी बृजमोहन तिवारी सहित बड़ी संख्या में सकल ब्राह्मण समाज के पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।




