- October 13, 2026
नवरात्रि में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं का रखें ध्यान, यातायात से लेकर बिजली तक की व्यवस्था सुधारे प्रशासन : अरुण वोरा

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर दुर्ग शहर में मां दुर्गा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु घरों से निकल रहे हैं। जगह-जगह दुर्गा पंडालों में दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं, डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए दुर्ग से होकर पैदल यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ रही है। ऐसे में शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना, प्रमुख मार्गों पर स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करना और बिजली की बार-बार हो रही कटौती से लोगों को राहत देना बेहद आवश्यक है।
उन्होंने विशेष रूप से डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए दुर्ग से होकर पैदल यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पदयात्रियों को रास्ते में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त रोशनी, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा के उचित इंतजाम किए जाने चाहिए। रात के समय पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही, आवश्यक स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती और यातायात को नियंत्रित करने के लिए विशेष व्यवस्था की जाए।
श्री वोरा ने कहा कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल सुधारा जाना चाहिए। रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को परेशानी होती है। त्योहार के दौरान अंधेरे वाले मार्गों पर दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।
उन्होंने बिजली की बार-बार आंख-मिचौली पर चिंता जताते हुए कहा कि नवरात्रि के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए। बिजली कटौती से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ दुकानदारों, व्यापारियों और दुर्गा उत्सव समितियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
श्री वोरा ने प्रशासन, नगर निगम, यातायात पुलिस और विद्युत विभाग से आपसी समन्वय के साथ तत्काल आवश्यक कदम उठाने की अपील की, ताकि नवरात्रि का पर्व श्रद्धालु सुरक्षित, सुविधाजनक और शांतिपूर्ण वातावरण में मना सकें तथा मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पैदल यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं को भी सुरक्षित यात्रा की सुविधा मिल सके।




