- October 15, 2026
धनोरा कृषि कॉलेज के विद्यार्थियों ने किया भारतीय खाद्य निगम (FCI) का औद्योगिक भ्रमण

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। छत्तीसगढ़ कृषि महाविद्यालय, धनोरा, दुर्ग के बी.एससी. कृषि चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थियों ने ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव (रावे– ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव) कार्यक्रम के अंतर्गत AIA (कृषि औद्योगिक सम्बद्धता)विषय में भारतीय खाद्य निगम (FCI – Food Corporation of India Durg) का औद्योगिक भ्रमण किया। यह भ्रमण महाविद्यालय के संकाय के टीचर श्री अजय सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को खाद्यान्न उपार्जन, गुणवत्ता परीक्षण, वैज्ञानिक भंडारण एवं संरक्षण की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।
भ्रमण के दौरान FCI के श्री के.एल. बघे ने विद्यार्थियों को भारतीय खाद्य निगम की संगठनात्मक संरचना, खाद्यान्न उपार्जन प्रक्रिया, वैज्ञानिक संरक्षण, विभिन्न भंडारण विधियों तथा अनाज की बोरियों की उचित स्टैकिंग व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। उन्होंने भंडारित अनाज में लगने वाले कीटों, उनके नियंत्रण के उपायों, रासायनिक नियंत्रण विधियों एवं संबंधित उपकरणों की कार्यप्रणाली भी समझाई।
इसके पश्चात श्री सुभाष मेहतो ने ऑटोमैटिक ग्रेन एनालाइजर (AGA – Automatic Grain Analyser) मशीन की कार्यप्रणाली एवं अनाज की गुणवत्ता जाँच में इसके महत्त्व के बारे में बताया। वहीं, श्री राहुल बडोग ने सैंपल डिवाइडर का प्रदर्शन करते हुए अनाज के सात गुणवत्ता मानकों के विश्लेषण तथा एमआईटी (MIT) टेस्ट सहित अन्य परीक्षण प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
इस औद्योगिक भ्रमण से विद्यार्थियों को अनाज की गुणवत्ता जाँच, वैज्ञानिक भंडारण, कीट नियंत्रण तथा फसल कटाई के बाद प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ। साथ ही, उन्होंने भारतीय खाद्य निगम की कार्यप्रणाली एवं देश की खाद्य सुरक्षा में इसकी महत्त्वपूर्ण भूमिका को समझा।
यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी रहा। इससे उन्हें कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने तथा कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के उपयोग को समझने का अवसर मिला।




