- November 1, 2026
कांग्रेस की रामलीला मैदान की सभा और रैली जनता का समर्थन जुटाने में विफल, विपक्ष के आरोपों में हताशा झलकती है – अजय तिवारी

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग/ रामलीला मैदान में कांग्रेस एवं विपक्षी गठबंधन द्वारा आयोजित सभा और रैली का उद्देश्य भले ही देश में राजनीतिक माहौल बनाने और अपनी ताकत दिखाने का रहा हो, लेकिन केवल नारों, भाषणों और राजनीतिक आरोपों से जनता का विश्वास हासिल नहीं किया जा सकता। कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि देश की जागरूक जनता अब उसकी नकारात्मक राजनीति और बार-बार एक ही मुद्दे को उछालने की रणनीति को भली-भांति समझ चुकी है।
विपक्ष द्वारा लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार एवं निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाना तथा एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। अजय तिवारी ने कहा की निर्वाचन आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है, जिसकी निष्पक्षता और गरिमा का सम्मान सभी राजनीतिक दलों का दायित्व है।
यदि कांग्रेस और विपक्ष को मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर कोई वास्तविक आपत्ति है तो उन्हें संवैधानिक और कानूनी प्रक्रियाओं के माध्यम से अपनी बात रखनी चाहिए। लोकतंत्र में सवाल पूछने का अधिकार सभी को है, लेकिन बिना प्रमाण गंभीर आरोप लगाना, संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों को निशाना बनाना और जनता के बीच भ्रम पैदा करना किसी भी जिम्मेदार राजनीतिक दल को शोभा नहीं देता।




