- November 4, 2026
नहीं रहीं दुर्ग की कांग्रेस नेत्री कल्पना देशमुख, अंत्येष्टि में शामिल हुए बघेल-वोरा

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव एवं वरिष्ठ अधिवक्ता कल्पना देशमुख के आकस्मिक निधन से कांग्रेस परिवार में शोक की लहर है। उन्होंने 4 नवंबर की सुबह रायपुर स्थित एम्स में अंतिम सांस ली।
उनकी अंतिम यात्रा में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं दुर्ग शहर के पूर्व विधायक अरुण वोरा शामिल हुए। दोनों नेताओं ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
भूपेश बघेल ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कल्पना देशमुख संगठन की निष्ठावान कार्यकर्ता होने के साथ-साथ बेहद संवेदनशील, मिलनसार और दृढ़ व्यक्तित्व की धनी थीं। कांग्रेस के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने का स्वभाव हमेशा याद आएगा।
अरुण वोरा ने कहा कि कल्पना देशमुख जी का जाना केवल एक राजनीतिक साथी को खोना नहीं, बल्कि परिवार के एक आत्मीय सदस्य को खोने जैसा है। वर्षों का आत्मीय जुड़ाव, स्नेह और अनेक स्मृतियां जुड़ी हैं। कुछ रिश्ते पद और परिचय के दायरे से कहीं आगे होते हैं, कल्पना जी उन्हीं में से एक थीं। उनका जाना व्यक्तिगत रूप से गहरा आघात पहुंचाने वाला है। इस अपूरणीय क्षति को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है।




