- November 5, 2026
सेवा और अनुशासन के प्रतीक स्व. डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को दी भावभीनी श्रद्धांजलि – विधायक ललित चंद्राकर

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
दुर्ग। सेवा और अनुशासन के अद्वितीय प्रतीक, अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक स्वर्गीय डोमनलाल कोर्सेवाड़ा जी के दशगात्र कार्यक्रम में आज ग्राम भेण्डरा, तह. गुण्डरदेही, जिला बालोद में शामिल होकर दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर विधायक श्री चंद्राकर ने स्व. कोर्सेवाड़ा जी द्वारा किए गए जनसेवा, समाजहित एवं क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों को स्मरण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
विधायक श्री चंद्राकर ने कहा कि स्व. डोमनलाल कोर्सेवाड़ा जी का सादगीपूर्ण जीवन, अनुशासित कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण सदैव हम सभी के लिए प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज सेवा और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित कर दिया। उनका व्यक्तित्व आने वाली पीढ़ियों को सेवा, अनुशासन और सादगी की प्रेरणा देता रहेगा।
उन्होंने कहा कि उनके निधन से क्षेत्र ने एक सच्चा जनसेवक, एक अनुशासित जनप्रतिनिधि और समाज का एक सच्चा मार्गदर्शक खो दिया है। इस अपूरणीय क्षति की पूर्ति कभी नहीं हो सकती।
विधायक श्री चंद्राकर ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
—




