- November 8, 2026
त्योहारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू रखने पुलिस जवानों की लगाई गई ड्यूटी

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में शांति, सुरक्षा एवं सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा श्री भुषण एक्का, एसडीओपी बेरला श्रीमती रूचि वर्मा के मार्गदर्शन में बेमेतरा पुलिस द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है। जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, हाट-बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।
*जिला मुख्यालय बेमेतरा सहित* जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ ही ग्रामीण अंचलों से बाजार पहुंचने वाले आम नागरिकों एवं ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस जवानों द्वारा लगातार निगरानी रखते हुए भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि त्योहारी खरीदारी के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
*बेमेतरा पुलिस की व्यापारियों से अपील है कि* दुकानों का सामान सड़क एवं फुटपाथ पर न फैलाएं तथा निर्धारित सीमा में ही दुकान संचालित करें। सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित न करें।
*वाहन चालकों से अपील है कि* निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करें, नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन पार्क न करें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए हेलमेट एवं सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। शराब अथवा किसी अन्य नशीले पदार्थ के सेवन के बाद वाहन न चलाएं।
*आम नागरिकों से अपील है कि* बाजार में अनावश्यक भीड़ एवं जाम से बचने के लिए यथासंभव पैदल अथवा दोपहिया वाहन से आवागमन करें। बुजुर्गों एवं बच्चों का विशेष ध्यान रखें तथा अपने कीमती सामानों के प्रति सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा लावारिस वस्तु की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
*किसी भी आपातकालीन स्थिति में* पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 100 अथवा डायल-112 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
*बेमेतरा पुलिस आम नागरिकों से* अपील करती है कि दीपावली पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं आनंदमय बनाने के लिए यातायात नियमों एवं पुलिस प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें तथा पुलिस प्रशासन को सहयोग प्रदान करें। बेमेतरा पुलिस की ओर से समस्त जिलेवासियों को दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा ,योगेश कुमार तिवारी, 94255 64553, 62657 41003,




