- November 12, 2026
धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं का संरक्षण और सामाजिक एकता हमारी प्राथमिकता : आशीष छाबड़ा

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सुरुजपुरा, ग्राम कोदवा एवं ग्राम मोहभट्ठा (कोदवा) में आयोजित माँ लक्ष्मी पूजन उत्सव में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक श्री आशीष छाबड़ा शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने माता रानी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं संध्या आरती में सहभागिता की तथा समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
ग्राम सुरुजपुरा में जय माँ लक्ष्मी उत्सव समिति, ग्राम कोदवा में नवयुवक माँ लक्ष्मी उत्सव समिति तथा ग्राम मोहभट्ठा में जय बजरंग लक्ष्मी उत्सव समिति द्वारा ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में श्री छाबड़ा ने सहभागिता की और भव्य भंडारे में भी शामिल हुए।
इस अवसर पर श्री आशीष छाबड़ा ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी सामाजिक पहचान, आस्था और समृद्ध परंपराओं के प्रतीक हैं। गाँवों की संस्कृति, परंपरा और आपसी भाईचारा ही हमारी सामाजिक ताकत है। इन परंपराओं को संरक्षित करना और समाज के प्रत्येक वर्ग को प्रेम, सद्भाव एवं एकता के सूत्र में बाँधना हम सभी का दायित्व है। जनप्रतिनिधि के रूप में जनता के सुख-दुख में सहभागी बनना और क्षेत्र की धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ना हमारी प्राथमिकता रही है। माँ लक्ष्मी की कृपा से हर घर में सुख-समृद्धि का वास हो, किसानों, युवाओं और प्रत्येक परिवार के जीवन में खुशहाली आए तथा हमारा बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र विकास और प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़े। अंत में श्री छाबड़ा ने तीनों ग्रामों की आयोजन समितियों के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं समस्त ग्रामवासियों को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा ,योगेश कुमार तिवारी, 94255 64553, 62657 41003,




