- November 13, 2026
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 : 15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, जिले में बनाए गए 159 उपार्जन केंद्र

ट्राई सिटी एक्सप्रेस। न्यूज
बेमेतरा। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में कुल 159 धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 30 नवीन उपार्जन केंद्र शामिल हैं। धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से प्रारंभ होकर 15 जनवरी 2027 तक की जाएगी। खरीदी का कार्य सोमवार से शुक्रवार तक शासकीय अवकाश को छोड़कर शाम 5 बजे तक संचालित होगा।
*धान का समर्थन मूल्य एवं खरीदी सीमा*
शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। इसके अंतर्गत कॉमन धान का समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल तथा ग्रेड-ए धान का समर्थन मूल्य 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। किसानों से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा तक धान की खरीदी की जाएगी।
*पंजीकृत किसानों से होगी धान खरीदी*
धान खरीदी के लिए एग्रीस्टैक पोर्टल के माध्यम से पंजीकृत एवं फार्मर आईडी प्राप्त किसानों से भारत सरकार द्वारा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप धान का उपार्जन किया जाएगा। उपार्जन योग्य धान में अधिकतम 17 प्रतिशत तक नमी स्वीकार्य होगी।
*टोकन व्यवस्था एवं नॉमिनी की सुविधा*
किसानों की सुविधा के लिए टोकन व्यवस्था लागू की गई है। 10 नवंबर से टोकन जारी करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। किसान 15 जनवरी 2027 तक की अवधि के लिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे। निर्धारित भूमि रकबे के अनुसार टोकन की पात्रता तय की गई है। 2 एकड़ से कम रकबे वाले किसानों को एक टोकन, 2 से 10 एकड़ तक के किसानों को दो टोकन तथा 10 एकड़ से अधिक रकबे वाले किसानों को तीन टोकन की पात्रता होगी।
किसान अपनी ओर से अधिकृत परिवार के सदस्य पति-पत्नी, पुत्र-पुत्री अथवा माता-पिता को नॉमिनी के रूप में नामित कर सकते हैं।
*बायोमेट्रिक प्रणाली से होगा धान का उपार्जन*
धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए बायोमेट्रिक प्रणाली अपनाई जाएगी। इसके लिए फिंगरप्रिंट एवं आइरिस डिवाइस मार्कफेड द्वारा उपलब्ध कराई गई हैं। खरीदी केंद्रों में नए एवं पुराने बारदानों का उपयोग 50:50 के अनुपात में किया जाएगा। पुराने जूट बारदाने के लिए 25 रुपये प्रति नग की दर निर्धारित की गई है।
*अवैध धान के परिवहन एवं भंडारण पर रहेगी कड़ी निगरानी*
अवैध धान की आवक एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला एवं तहसील स्तर पर उड़नदस्ता तथा ICCC टीमों का गठन किया गया है। अंतरजिला सीमाओं पर चेकपोस्ट स्थापित किए जा रहे हैं। सभी उपार्जन केंद्रों में निगरानी दल गठित किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र में द्विस्तरीय नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जो खरीदी प्रक्रिया पर निगरानी रखने के साथ उपार्जित धान का भौतिक सत्यापन भी करेंगे।
अंतरराज्यीय धान आयात के मामलों में 30 अप्रैल 2027 तक केवल संचालक, खाद्य की अनुमति से ही आयात किया जा सकेगा। वहीं 3300 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक कीमत वाले सुपर फाइन धान के आयात के संबंध में जिला खाद्य अधिकारी (DFO) को पूर्व सूचना देना अनिवार्य होगा।
*बीज उत्पादक किसानों के लिए भी प्रावधान*
बीज उत्पादक किसानों से फेल धान बीज की FAQ गुणवत्ता मानकों के अनुरूप धान खरीदी समर्थन मूल्य पर 1 मार्च 2027 से 31 मई 2027 तक की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपनी उपज का विक्रय निर्धारित समयावधि में अधिकृत धान उपार्जन केंद्रों पर ही करें।
ट्राई सिटी एक्सप्रेस, ब्यूरो चीफ बेमेतरा ,योगेश कुमार तिवारी,9425564553 ,6265741003,




